Monday, 14 January 2013

श्री सुरेन्द्र रावल और उनकी काव्य-यात्रा



28 दिसम्बर 1938 को जगदलपुर (बस्तर) में जन्मे आदरणीय गुरुदेव श्री सुरेन्द्र रावल बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। लब्धप्रतिष्ठ कवि एवं व्यंग्यकार होने के साथ-साथ वे चर्चित रंगकर्मी और मंच-संचालक भी रहे हैं। पंचायत शिक्षकों के आन्दोलन को अपना नैतिक समर्थन देते हुए उन्होंने अपना जन्म-दिवस मनाने से इंकार कर दिया था। किन्तु 31 अक्टूबर 2012 से संस्कार धानी कोंडागाँव में की गयी पहल के मद्देनजर अन्तत: उन्होंने 13 जनवरी को अपना जन्म-दिवस मनाने की सहमति छत्तीसगढ़ हिन्दी साहित्य परिषद् की कोंडागाँव इकाई को दे ही दी। 
यह दिन एक साथ तीन प्रसंगों को समेटे हुए था। पहला आदरणीय गुरुदेव श्री सुरेन्द्र रावल जी का जन्म-दिन, दूसरा दिल्ली से पधारे "आऊटलुक" के संयुक्त सम्पादक आदरणीय श्री सुमन्त भट्टाचार्य जी का सम्मान और हिन्दी-छत्तीसगढ़ी के नवोदित कवि भाई श्री हरेन्द्र यादव जी की विदाई का समारोह। भाई श्री हरेन्द्र यादव अभी-अभी (31 दिसम्बर 2012 को) वन विभाग से वनक्षेत्रपाल के पद से सेवानिवृत्त हुए ही थे कि शासन ने उन्हें वन विद्यालय, भानुप्रतापपुर में प्रशिक्षक के पद पर संविदा नियुक्ति दे दी। 

1982 में बस्तर पर केन्द्रित संदर्भ-ग्रंथ "इन्द्रावती" (सम्पादक : मनीषराय, बलराम) में सह-सम्पादक के रूप में अपनी महत्त्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराने वाले आदरणीय गुरुदेव श्री सुरेन्द्र रावल सर की कविताएँ, हास्य-व्यंग्य एवं निबन्ध आदि देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं एवं आकाशवाणी तथा दूरदर्शन के प्रसारणों में स्थान पाती रही हैं। उन्होंने राज्य संसाधन केन्द्र, प्रौढ़ शिक्षा, मध्य प्रदेश, इन्दौर एवं आदिवासी विकास, मध्य प्रदेश, भोपाल के लिये भी लेखन-कार्य किया है। हिन्दी में एम. ए. तथा बी. एड. तक शिक्षा प्राप्त श्री रावल शिक्षकीय कार्य करते हुए प्राचार्य के पद से कुछ वर्षों पूर्व सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में वे कोंडागाँव में ही रहते हुए एक स्थानीय निजी विद्यालय में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उनका सम्पर्क सूत्र है : विकास नगर, कोंडागाँव 494226, बस्तर-छत्तीसगढ़, चलित वार्ता : 92003-01888
मुझे याद आता है। मैं 1966-67 में जब कक्षा 7वीं का छात्र था, तभी से मेरे मन में पुस्तकें पढ़ने के प्रति रुझान पैदा हुआ। इसका श्रेय जाता है मुझ से एक कक्षा पीछे चल रहे मेरे अभिन्न मित्र भाई कृष्णनाथ देवांगन (जिन्हें तब से ले कर आज तक हम उनके घरु नाम "बहादुर" से ही सम्बोधित करते हैं) को। हालाँकि उनका रुझान गुलशन नन्दा, वेदप्रकाश कम्बोज जैसे लेखकों की पुस्तकों की ओर था। वे मुझे इन लेखकों की पुस्तकें देते और मैं उन्हें "चन्दामामा", "पराग" और "मिलिन्द" जैसी स्तरीय बाल पत्रिकाएँ। पुस्तकें मिल-बाँट कर पढ़ी जातीं। लेकिन बाद-बाद में मैं गुलशन नन्दा और वेदप्रकाश काम्बोज आदि की पुस्तकों से कटता चला गया और फिर "चन्दामामा", "पराग", "मिलिन्द" आदि पत्रिकाओं ने आगे चल कर 9वीं-10वीं तक आते-आते लेखन के बीज भी बो दिये और मैं छिटपुट रचनाएँ लिखने लगा था।
                                                                                                                                                       शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागाँव में तब एक सम्पन्न पुस्तकालय भी हुआ करता था। पुस्तकालय के प्रभारी हुआ करते थे आदरणीय गुरुदेव श्री टी. एस. ठाकुर जी। पुस्तकालय में एक-से-एक साहित्यिक पुस्तकें थीं। उन्हें क्रम से विद्यार्थियों को दिया जाता। विद्यार्थी उन्हें पढ़ते और फिर उन पर कक्षा में चर्चा भी हुआ करती। पाठ्यपुस्तकों से इतर अन्य लेखकों को पढ़ने का सौभाग्य कुछ इसी तरह मुझे मिला था। उसी पुस्तकालय से मैंने हिन्दी-उर्दू शब्दकोश का भी थोड़ा सा अध्ययन किया था। आज पता नहीं वे पुस्तकें हैं भी या नहीं। इसी तरह एक और पुस्तकालय हुआ करता था "भारत क्लब" के अधीन। किन्तु आज वहाँ कुछ भी नहीं है। इसी बीच मैंने हिन्द पॉकेट बुक्स की "घरेलू लायब्रेरी योजना" की सदस्यता ले ली और फिर तो प्रेमचंद जी, रेणु जी, भगवती चरण वर्मा जी जैसे प्रख्यात लेखकों की कालजयी रचनाओं से परिचय होने लगा। बहरहाल। मेरे सौभाग्य से कवि एवं व्यंग्यकार श्री सुरेन्द्र रावल जी हमारी पाठशाला में हिन्दी के शिक्षक हुआ करते थे और 9वीं से 11वीं तक हमारे कक्षा-अध्यापक भी। उन्होंने मेरी हिन्दी देखी और एक दिन पूछा, "क्यों हरिहर! तुम कुछ लिखते-विखते भी हो, क्या?" मैंने संकोच के साथ "हाँ" में अपनी मुण्डी हिलायी। और बस! तभी से वे मुझे प्रोत्साहित करने लगे। इस तरह वे न केवल विद्यालय में मेरे गुरु रहे अपितु साहित्य के क्षेत्र में भी वे मेरे आदि गुरु रहे हैं। नगराते हुए गाँव में होने वाली नियमित काव्य-गोष्ठियों में मुझे वे अनिवार्य रूप से बुलाने लगे। मैं सभी कवियों की रचनाएँ बड़े ध्यान से सुनता और जब मेरी बारी आती तो मैं बहुत ही संकोच के साथ अपनी अनगढ़ रचनाएँ सुनाता। रचनाओं को सुन कर श्री रावल सर, श्री टी. एस. ठाकुर सर और स्व. हादी भाई रिज़वी साहब बड़े ही ममत्व के साथ उसे "ठीक-ठाक" करने में अपना सहयोग देते। आदरणीय श्री टी. एस. ठाकुर सर आज भी साहित्यिक गोष्ठियों में अपनी उपस्थिति अनिवार्यत: दर्ज कराते हैं। 
13 जनवरी को जब हम आदरणीय श्री सुरेन्द्र रावल जी का जन्म दिन मना रहे थे, तब मैं श्री रावल सर और श्री ठाकुर सर के विषय में बता ही रहा था कि मेरी साहित्य-यात्रा में और अँग्रेजी भाषा-ज्ञान का सारा श्रेय इन्हीं दोनों को जाता है कि तभी श्री ठाकुर सर मुझसे पूछ बैठे, "तुम्हारी पहली रचना कौन सी थी, याद है तुम्हेंे?" मैंने कुछ याद कर कहा, "जी, ध्यानाकर्षण। एक कविता, जो लाला जी के सम्पादन में प्रकाशित होने वाले साप्ताहिक पत्र "अंगारा" में छपी थी।"
इस पर श्री ठाकुर सर ने कहा, "गलत। "वैदेही-वनवास" तुम्हारी पहली रचना थी।" और मैं सन्न रह गया। कारण, मुझे स्वयं ही याद नहीं था कि वाकई "वैदेही-वनवास" ही मेरी पहली रचना थी। यह दरअसल मेरा एक खण्ड-काव्य है, जिसके कुछ ही अध्याय मैं लिख पाया था और वह आज भी उसी स्थिति में है। मुझे श्री ठाकुर सर की स्मृति पर घोर आश्चर्य हुआ। इससे यही तो साबित होता है कि उन्हें मेरी रचनाओं से कितना लगाव रहा है। अब जब बात चल ही पड़ी है तो बता ही दूँ कि श्री ठाकुर सर अँग्रेजी के शिक्षक थे और "कड़क" इतने कि हम अँग्रेजी का एक भी वाक्य गलत बोलने की जुर्रत ही नहीं कर सकते थे। पूरी पाठशाला उन्हीं के कारण अनुशासित हुआ करती थी। जिस रास्ते पर वे चलते नजर आ जाते, मजाल थी कि कोई विद्यार्थी उधर से गुजरने तक की जुर्रत करे! यह सब डर की वजह से नहीं, अनुशासन के पालन के चलते और उनके प्रति श्रद्धा और आदर के कारण हुआ करता था। आज भी आदरणीय ठाकुर सर के प्रति कोंडागाँव की पुरानी पीढ़ी के मन में वही श्रद्धा और भक्ति-भावना है, जो पहले थी। 
बात को और अधिक लम्बा न खींचते हुए मैं अब मूल प्रसंग की ओर लौटता हूँ। आदरणीय गुरुदेव श्री सुरेन्द्र रावल की कविताओं का एकमात्र संग्रह प्रकाशित है। शीर्षक है, "काव्य-यात्रा"। इस संग्रह की भूमिका "अपनी बात" में वे कहते हैं : 
"प्रस्तुत काव्य-संग्रह "काव्य-यात्रा" वस्तुत: मेरी साढ़े चार दशकों की काव्य-यात्रा ही है। समय के इस लम्बे अन्तराल में, देश, समाज, साहित्य, कला, संस्कृति तथा जीवन-मूल्यों में भी तीव्र गति से परिवर्तन हुए हैं। साहित्य में भाषा, कथ्य, शिल्प और अभिव्यंजना-शैली ही नहीं, सरोकार भी बदले हैं। 
"प्रस्तुत संग्रह की रचनाओं पर, अपने रचना-काल की प्रवृत्तियों का प्रभाव स्वाभाविक रूप से पड़ा है। मैंने अपने प्रिय पाठकों के रुचि-वैविध्य पर विश्वास रख कर, संग्रह में रचनाएँ काल-क्रमानुसार नहीं रखी हैं। काव्य-संग्रह में प्रारंभ से अंत तक पाठक की रुचि बनी रहे, यही मेरा अभीष्ट है।
"इसमें मेरी नई-पुरानी, छन्दबद्ध, छन्दमुक्त, छन्दमुक्त-लयबद्ध रचनाएँ हैं। गीतों, ग़ज़लों, मुक्तकों और क्षणिकाओं को भी मैंने इसमें सम्मिलित किया है। इनमें से अनेक रचनाएँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित अथवा आकाशवाणी रायपुर, जगदलपुर, रींवा तथा दूरदर्शन केन्द्र जगदलपुर से प्रसारित हुई हैं। अंचल के विभिन्न स्थानों में, समय-समय पर होने वाले कवि-सम्मेलनों या काव्य-गोष्ठियों में, कुछ रचनाओं का पाठ भी मैंने किया है। पुस्तकाकार प्रकाशन की तुलना में मुझे, इन माध्यमों से अभिव्यक्ति अधिक जीवन्त और सार्थक लगती रही है। हर साहित्यकार की तरह ही, सुधी श्रोता, मुझे पाठकों से अधिक प्रिय प्रतीत होते रहे हैं। 
"यह मेरा प्रथम प्रकाशित काव्य-संग्रह है, अत: कुछ तथ्यों के प्रकाशन के साथ ही अपनों के प्रति कृतज्ञता-ज्ञापन मेरा कत्र्तव्य है।
"छन्दों के संस्कार मेरे काव्य-गुरु, मेरे आदर्श, आदरणीय श्री लाला जगदलपुरी जी ने मुझे स्नेहपूर्वक प्रदान किए। भाषा के संस्कार मुझे आदरणीय लाला जी के अतिरिक्त अपने पिता स्व. मगनलाल रावल, स्व. बद्री विशाल त्रिवेदी, स्व. पं. सुन्दरलाल त्रिपाठी, स्व. पं. शिवसेवक त्रिवेदी के अतिरिक्त मेरे गुरु रहे श्री रविशंकर दत्त, श्री भागीरथी दास, श्री बसन्त लाल झा, श्रीमती शकुन जोशी (तिवारी), डॉ. कृष्ण कुमार झा, श्री रमेश जोशी, डॉ. भगवत रावत, डॉ. धनञ्जय वर्मा, श्री टी. एस. ठाकुर आदि से मिले। 
"नई कविता, समकाली कविता और प्रगतिशील लेखन की समझ और तत्सम्बन्धी मार्गदर्शन डॉ. भगवत रावत ने मुझे स्नेहपूर्वक दिया। ग़ज़ल और उर्दू से मेरा परिचय श्री रऊफ परवेज, श्री हादीभाई रिज़वी और श्री हयात ने कराया। मैं आप सबके प्रति कृतज्ञ हूँ।
"लेखन के क्षेत्र में मुझे निरन्तर प्रोत्साहित करने वालों में आदरणीय लालाजी, पं. गंगाधर सामन्त, पं. रघुनाथ महापात्र, पं. दयाशंकर शुक्ल, श्री कमालुद्दीन कमाल, श्री इशरत मीर, श्री रऊफ परवेज, डॉ. के. के. झा, श्री शानी जी, श्री मोतीश बैनर्जी, श्री शेषाराव नायडू, श्री एन. सी. एन. राय, श्रीमती मीरा चौधरी, श्री देवेन्द्र ठाकुर, श्री बंशीलाल विश्वकर्मा, श्री रामसिंह ठाकुर एवं श्री हुकुमदास अचिन्त्य, श्री सुरेश कुमार वर्मा के अतिरिक्त मेरे भ्रातृवत् मित्र श्री जी. बी. वेसली, वरिष्ठ पत्रकार श्री किरीट दोशी, श्री बसन्त अवस्थी, श्री भरत अग्रवाल, श्री एस. करीमुद्दीन तथा श्री राजेन्द्र देवांगन, साहित्यकार श्री मनीष राय यादव, श्री एस. एस. पुजारी, श्री संजीव बख्शी, श्री योगेन्द्र देवांगन, प्राचार्य श्री टी. डी. मेहरा, श्री आलोक मंडल एवं परिक्षेत्राधिकारी श्री ललित दुबे रहे हैं। मेरे प्रिय युवा कवि मित्र श्री मदन आचार्य, श्री अभिलाष दवे, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री गोपाल सिम्हा, श्री जोगेन्द्र महापात्र जोगी, श्री अवध किशोर शर्मा, श्री शिवकुमार पाण्डेय, श्री धर्मेन्द्र ठाकुर, रंगकर्मी श्री एम. ए. रहीम, श्री जी. एस. मनमोहन, श्री खुर्शीद खान, श्री विजय सिंह एवं मेरे युवा मित्र प्राचार्य डॉ. ए. के. दीक्षित, डॉ. सतीश, श्री के. परेश, श्री तरुण भटनागर और शिष्य श्री राजेन्द्र राठौर तथा श्री शिवलाल शर्मा आदि ने मुझे सम्मान और अपनापन दिया। मैं आभारी हूँ।
"प्रस्तुत संग्रह के प्रकाशन के लिए, मुझे लगभग मजबूर कर हाथ पकड़ कर काम करवाने का काम किया है, मेरे प्रिय शिष्य श्री हरिहर वैष्णव और श्री खेम वैष्णव ने। मेरे गुरु डॉ. धनञ्जय वर्मा तथा डॉ. भगवत रावत ही नहीं, मेरे ज्येष्ठ भ्राता श्री चितरंजन रावल ने मुझे डाँट-डाँट कर, प्रकाशन हेतु प्रेरित किया। परन्तु, जिनकी सविनय उलाहना और आग्रह की इसमें प्रमुख भूमिका रही है, वे हैं, मेरी पत्नी श्रीमती इन्दु रावल, पुत्र धर्मेन्द्र रावल, पुत्रवधु अ.सौ. पारुल रावल, भतीजा कमलेश रावल तथा मेरी शक्ति स्वरूपा तीन पुत्रियाँ अ.सौ. रश्मि मेहता, अ.सौ. वर्षा रावल एवं अ.सौ. प्रज्ञा त्रिवेदी। इन सबके आत्मीय आग्रह ने आखिर मेरा यह काव्य-संग्रह प्रकाशित करवा कर ही दम लिया। 
"मैं उपर्युक्त सभी अपनों के प्रति नतमस्तक हूँ। बस, इतना ही।"

इस काव्य-संग्रह का प्रस्तावना लिखा है सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. के. के. झा साहब ने। वे लिखते हैं :
"सुविख्यात कवि श्री सुरेन्द्र रावल के काव्य-संकलन "काव्य-यात्रा" को आद्योपान्त पढ़ने का मुझे सुअवसर मिला। नैसर्गिकता एवं स्वाभाविकता-समन्वित यह अनुपम काव्य-रचना सहृदय-संवेद्य है। जैसे-जैसे एक-एक कविता पढ़ता गया, ऐसा लगा मानों साहित्य-वल्लरी का एक-एक सुमन प्रस्फुटित होता चला गया। काव्य-यात्रा की रचनाओं का माधुर्य निश्चय ही अत्यंत रोचक एवं आश्चर्यजनक है। कविताओं में निहित सौन्दर्रय, भावाभिव्यंजना एवं सरसता मन को अनायास ही आकृष्ट करती है।
"बस्तर-सपूत श्री सुरेन्द्र रावल सच्चे अर्थों में समग्र साहित्यकार है। सरस गीत, गंभीर कविताएँ, हास्य-व्यंग्य, ग़ज़ल, समालोचना, कहानी तथा नाटक-लेखन में इनकी लेखनी सतत् सक्रिय रही है। "वाक्-शैली-सम्राट्" श्री रावल की लेखन-कला भी उतनी ही श्लाघनीय एवं स्वाभाविक है। 
"विविध साहित्यिक-सांस्कृतिक मंचो, आकाशवाणी तथा दूरदर्शन आदि के कार्यक्रमों में इनकी प्रस्तुतियाँ ही नहीं, इनका मंच-संचालन भी अत्यंत हृत्ताकर्षक रहा है। बस्तर के इस बेटे ने लगातार चार दशकों से मंच पर अपना अक्षुण्ण स्थान बना रखा है। शासकीय सेवा से निवृत्ति के उपरांत भी सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक क्षेत्र में इनकी सेवाओं की निरंतरता बनी हुई है। अत: इनकी रचनाएँ भी तृ-आयामी आधार पर उपजी हैं। 
"प्रस्तुत काव्य-संगलन की रचनाओं में बस्तर की माटी की सोंधी महक है। बस्तर के मन की व्यथा उनकी एक कविता "बस्तर की माटी" में मार्मिक रूप से झलकती है। उक्त कविता की कुछ पंक्तियाँ हैं :
"सभ्य दुनिया से हमें कुछ पूछना है
क्या हमें उत्तर मिलेगा?
था नहीं माँगा कभी हमने,
किसी से राजपथ जब,
क्यों हमारी छिन रहीं पगडंडियाँ हैं?
"प्रगतिशील लेखन की प्रखरता भी इनकी अनेक कविताओं में निद्यमान है। उनकी कविता "मेहनतकश का रन्दा" की ये पंक्तियाँ दृष्टव्य हैं :
"क्यों किसान का रक्त, पसीन बन बहता है।
वज्र सरीखा तन गल-गल कर सब सहता है।
"सुई की नोंक" कविता में भूत, वर्तमान और भविष्य सब कुछ इस तरह प्रतिबिम्बित हुआ है, मानो यह मात्र कविता नहीं, एक निष्पक्ष दर्पण है। कुछ पंक्तियाँ इस तरह हैं :
विडम्बना कैसी/कि सतीत्व को अपमानित करने वाले हाथ
दुरभिसन्धियों के शिविर में थे सुरक्षित
क्यों शायद भूल गया था सुदर्शन-आक्रमण
वह केवल कर सकता था/लज्जा को वस्त्रदान का
सुरक्षात्मक कायर उपाय।
"संकलन के गीत तो सचमुच बाँध लेने की क्षमता रखते हैं। छन्दों की मर्यादा के साथ, भावों का माधुर्य मुग्ध कर देता है। इसका प्रमाण है, काव्य-रस की फुहारों से सराबोर एक गीत की ये पंक्तियाँ :
सागर में आग लगी, सोया दिन साँझ जगी।
किश्ती से उठी तान, वंशी की प्यार-पगी।
लहरों ने चंचल मन, साहिल पर पटका सिर,
सीपी में बाँधा था, मोती वह ढरका।।
"यह पंक्तियाँ स्पष्ट करती हैं कि हास्य-व्यंग्य के लब्ध-प्रतिष्ठ रचनाकार होने के सात ही श्री रावल सरस काव्य के मर्मज्ञ कवि हैं, जिनमें पाठकों का मन मोह लेने की अद्भुत क्षमता है। आत्मीय स्वागत है, उनके अनुपम ग्रन्थ "काव्य-यात्रा" का। 
"श्री सुरेन्द्र रावल की लेखनी में जादू है। मेरा मन कहता है कि उनका यह काव्य-संकलन हिन्दी के समकालीन साहित्य में मील का पत्थर सिद्ध होगा। श्री रावल के साहित्य-सागर में रचनाओं के अनेक बहुमूल्य मोती सुरक्षित हैं। हमारी वांछा-कामना है कि उनकी स्निग्ध आभा से हिन्दी-साहित्य प्रोद्भासित होता रहे, एक के बाद एक ऐसे ही उत्कृष्ट और कालजयी ग्रन्थ प्रकाशित होते रहें।
"आगामी प्रकाशनों की व्यग्र प्रतीक्षा के साथ।"

और अब उनकी एक कविता। शीर्षक है "बस्तर की माटी"


सभ्य दुनिया से हमें कुछ पूछना है,                                    
क्या हमें उत्तर मिलेगा?
था नहीं माँगा कभी हमने,
किसी से राजपथ जब,
क्यों हमारी छिन रही पगडंडियाँ हैं?

हरहराते नदी-नालों
और पर्वत, गहन वन के मध्य,
अपने खेत में हम,
मस्त "लेजा" गा रहे थे।
तुम इस क्या गलत समझे,
और "ले जाने" हमारी-
लकड़ियाँ, महुआ, खनिज, अनमोल इमली।

समझ बैठे तुम इसे आह्वान अपना,
जो हमारे रूठ बैठे देवताओं को, 
मनाने के लिए हमने
सुनाए थे उसे तुम,
सिर्फ क्या इक गीत,
एक धुन, एक लय समझे हुए थे?
प्रार्थना थी वह नहीं क्या?
पूछना वन की किसी भी
एक तितली से, सुमन से या शशक से
या कि बाँके चौकड़ी भरते-
मृगों के झुंड से,
क्या गीत हमने बेच कर,
अपनी क्षुधा को मेटने को ही रचे थे?
जब हमारे गीत फूटे थे, 
नहीं हम जानते थे,
तुम हमारे गीत को, धुन को, लयों को
जंगलों में कैद कर के,
कुछ कँटीले तार से यूँ बाँध लोगे।

हम सदा खुश थे हमारे-
नील नभ से और धरती से, वनों से,
हरहराते नदी-नालों, पर्वतों से,
गहन वन से,
थे हमें जो देवताओं ने दिए।

पर थी नहीं माँगी कभी हमने
तुम्हारी मोटरें, रेलें, सिनेमा, शहर, बिजली
और टीवी।

एक नभ, माटी, हवा, पशु-पक्षि के अतिरिक्त
कुछ पत्ते, वनों के फूल-फल बस!
और कुछ भी था नहीं चाहा, कभी कुछ।
फिर हमारे "घोटुलों" पर,
कैमरों की आँख फाड़े,
क्यों स्वयं की गंदगी,
गंदे विचारों और गंदी सभ्यता ओढ़े
चले आते रहे हो?
झाँकने घर में हमारे-
अतिथि बन कर भी
तुम्हारी दृष्टि,
पशुधन या हमारी
लाज पर पड़ती रही है।
"पेज", "सल्फी" और "लाँदा"
या कि महुए से बने मधु से
हमारी स्नेह-भीगी
अतिथि-सेवा-भावना का
क्या तुम्हारी सभ्यता में-
लूट ही प्रतिदान है?                                                    
फिर बताओ, क्यों हमारी
उच्च संस्कृति
नष्ट करने पर तुले हो?

हम तुम्हारे बिन
"नवाखानी", "दियारी" और "गोंचा"-"दसराहा" में
नाच लेंगे।
देखना हमको नहीं दिल्ली,
नहीं भोपाल,
झूठे रंगमंचों की छटाएँ।

सच बताना!
तुम हमारी नृत्य-शैली,
या हमारी नग्न देहों का
प्रदर्शन चाहते हो?
अब हमें कुछ-कुछ समझ
आने लगा है।
हम नहीं बिकते-
तुम्हारे झूठ या आश्वासनों पर।

याद रक्खो, शेर को तुमने
उसी की माँद में जा कर 
झिंझोड़ा है, जगाया है।
अगर धोखा किया उससे
भले हम पूर्व पीढ़ी के निरक्षर,
साध कर चुप्पी सदा
बैठे रहे थे,
पर नहीं अब,
सिंह के शावक कभी चुप
रह सकेंगे।
धूप, सर्दी, आँधियों के बीच पलते-
आज के पौधे बड़े मजबूत हैं।

वे झेल जाएँगे,
तपिश, आँधी, थपेड़े,
पर नहीं स्पर्श करने
दे सकेंगे-
लाज अपनी,
गीत अपने,
और उनको गुनगुनाते
राजपथ को चीर डालेंगे,
बढ़ेंगे,
देश के प्रहरी बनेंगे
लाल बस्तर के-
बनेंगे देश के प्रहरी।

और सचमुच देखना तुम
एक दिन जब
इसी बस्तर की यही-
खुशबू भरी माटी कभी
इस देश का गौरव बनेगी। 


टीप : लेजा : बस्तर का एक हल्बी लोक-गीत, पेज : चावल के टूटे दानों (कनकी) को उबाल कर बनाया गया पेय, भोजन। सल्फी : इसी नाम के पेड़ से स्रवित होने वाला सफेद मादक पेय। लाँदा : चावल को सड़ा कर बनाया गया मादक पेय जो मादक होने के साथ-साथ भूख को भी मिटाता है। नवाखानी : नवान्न के स्वागत का पर्व। दियारी : अन्नकूट का पर्व। गोंचा : रथयात्रा का पर्व। दसराहा : बस्तर का विश्व प्रसिद्ध दशहरा। 

Wednesday, 9 January 2013

डॉ. कौशलेन्द्र मिश्रा की एक कविता और एक कहानी


इस बार प्रस्तुत है डॉ. कौशलेन्द्र मिश्रा की एक कविता और एक कहानी : 



कविता



भारत की धरा पर हर कोई लिखता सफ़रनामा /
आया प्रेत 'माओ' का, यहाँ अब होश में चलना //

कभी गौरी, कभी गज़नी, कभी बाबर ने है लूटा /
कभी चंगेज़ ने काटा, कभी अंग्रेज़ ने लूटा //

गौतम बुद्ध के घर में, हैं बहती ख़ून की नदियाँ /
सहम कर देखते हैं सब, तड़पना और मर जाना //

माओवाद के सुर में, जहाँ रोकर भी है गाना /
पता बारूद की दुर्गन्ध से तुम पूछ कर आना //

बिना दीवारों का कोई किला ग़र देखना चाहो /
तो बस्तर के घने जंगल में चुपके से चले आना //

धुआँ बस्तर में उठता है तो बीज़िंग से नज़र आता /
हमारे ख़ून से लिखते हैं माओ का वे अफ़साना //

वे लिख दें लाल स्याही से तो ट्रेने भी नहीं चलतीं /
कंटीले तार के भीतर डरा सहमा पुलिस थाना //

ड्रेगन के इशारों पर कभी रुकना कभी चलना /
यहाँ तिल-तिल के है जीना यहाँ तिल-तिल के है मरना //

यहाँ इस देश की कोई हुक़ूमत है नहीं चलती /
कि बंदूकों से उगला हर हुकुम सरकार ने माना //

यहाँ जंगल धधकते हैं, वहाँ बादल बरसते हैं /
ये बादल मौसमी इनको गरज कर है गुज़र जाना //

जो रखवाले थे हम सबके, वो अब केवल उन्हीं के हैं /
नूरा कुश्तियों में ही ये बंटते अब ख़ज़ाने हैं //

हमने ज़िंदगी ख़ुद की ख़रीदी तो बुरा क्या है /
यहाँ सरकार भी उनको नज़र करती है नज़राना //

वो मंगल के बहाने से दंगल करने आते हैं /
जंगल को निगल कर वो हमें कंगाल करते हैं //

ये कैसी रहनुमाई है, ये कैसी बदनसीबी है /
जी भर खेलना मुझसे, कुचलकर फिर चले जाना //

तन के ग्राहकों ने कब किसी के मन को है जाना /
ये बस्तर है यहाँ केवल हमें खोना उन्हें पाना //

भरत का मर गया भारत, इसे अब इंडिया कहना /
लहू भी बन गया पानी, ये दुनिया भर ने है जाना //

चबाकर जी नहीं भरता, न भरता पीढ़ियाँ खाकर /
सुना है इंडिया ही है, बिछाती रात का बिस्तर //

सिसकता रात-दिन भारत, इंडिया मुस्कुराती है /
शरण जब माँगते हिन्दू, इंडिया खिलखिलाती है //

धर्म ने देश को बांटा, मगर फिर भी वो प्यारा है /
जिताने को चुनावों में, वही तो एक सहारा है //

चलो एक बार फिर से हम, उन्हें कुछ और हक़ देदें /
ये भारत जो बचा इतना, टुकड़े कुछ और फिर कर दें //

जो आये थे लुटेरे बन, वो हक़ से अब यहीं रहते /
किरण से माँगते हैं अब, अँधेरे भी हलफ़नामा //

कभी इतिहास लिखना हो, तो इतना काम कर लेना /
तुम, ढूँढते हुए हिन्दू , किसी टापू में आ जाना //




कहानी


बदलती हैं आस्थायें तो बदलती हैं प्रतिबद्धतायें


हमारे घर के ठीक पीछे एक झोपड़ी में रहती है मंगली। दुबली-पतली कंकाल सी मंगली, उसके तीन दुबले-पतले बच्चे और मर्द ...बस यही परिवार है मंगली का। कभी-कभी मंगली के घर से तालियाँ बजाने और भजन गाने की सामूहिक आवाज़ें आती हैं जो धीरे-धीर चीख में बदल जाती हैं। चीख रुदन में और फिर रुदन भयानक आर्तनाद में। बच्चे इस तरह चीखने लगते हैं जैसे कि कोई बाघ उन्हें ज़िन्दा चबाने लगा हो। पहली बार जब सुना तो मुझे निकल कर बाहर आना पड़ा, लगा जैसे भजन गाते-गाते कोई अनहोनी हो गयी है। आर्तनाद हृदयविदारक था। पूछने पर पता चला कि कि यह प्रार्थना की उच्चावस्था है। अब मैं अभ्यस्त हो गया हूँ।

  पड़ोसियों ने बताया यह एक कैथोलिक परिवार है जो अभी कुछ ही साल पूर्व हिन्दू से ईसाई बना है। उनके घर प्रायः कुछ नन आती हैं जो अपनी केरली हिन्दी में उन्हें उपदेश देती हैं, उनकी चंगाई के लिये प्रार्थना करती हैं, सामूहिक भजन होता है और फिर आती है भजन की हृदयविदारक भयानक उच्चावस्था।

  ज़िस्म और रूह के रिश्ते को समझने का जितना दावा किया गया, रूह उतनी ही दूर होती गयी। ज़िस्म क़रीब ...और क़रीब आता गया ...और सब कुछ उसी पर आकर ठहर गया।

  रूह स्वच्छन्द है, और ज़िस्म किसी का ग़ुलाम। दोनो के बीच पीरबाबा हैं या भैरमदेव या ईसा या साईंबाबा या कोई और। मंगली अब भी झूमती है, उस के ज़िस्म पर आती है एक रूह ....लोग उसे ईसा कहते हैं। बिसरू के ऊपर आते हैं भैरमदेव। सब कुछ वैसा ही है ..बदला है तो सिर्फ़ वह जिसे कोई देख नहीं पाया आज तक। लोग रूह कहते हैं उसे ..जिसके कुछ ठेकेदार हैं जो बड़ी मुस्तैदी से अपने काम को अंजाम देते आ रहे हैं।

  इन रूहों की पसन्द हैं ग़रीबों के बीमार ज़िस्म, इन रूहों की पसन्द हैं दो जून की रोटी के लिये खटते इंसान, इन रूहों की पसन्द हैं अशिक्षित लोगों के दिमाग। ज़िस्म और रूहों के बीच के ठेकेदार शांति, सुख और समृद्धि दिलाने का ठेका लेते हैं, बस! आप रूह का विभाग भर बदलने की इज़ाज़त दे दीजिये; और यह इज़ाज़त लेने वाले ठेकेदार ऐन-केन-प्रकारेण ले ही लेते हैं इसे।

  जगदलपुर में चर्चों की भरमार है। कुछ् चर्चों में रविवार के दिन भक्तों की उन्मादपूर्ण चीखें सुनी हैं मैंने। पादरियों के उत्तेजक भाषण सुने हैं। मुझे सब कुछ भयानक और अशांत सा लगता है। उपदेश सौम्य भाषा में नहीं हो सकता क्या? मैं अक्सर ख़ुद से पूछता रहता हूँ। आराधना स्थल में जाकर तो शांति की अनुभूति होनी चाहिये ...पर यहाँ यह क्या होता है? जगदलपुर में प्रति रविवार को चर्चों की ओर उमड़ती भीड़ मुझे ज़वाब देती है कि सब कुछ ठीक चल रहा है ...वे ख़ुश हैं ...उनकी प्रार्थनायें क़ुबूल हो रही हैं।

  मैं उनके घरों में गया हूँ, सबकी प्रार्थनायें क़ुबूल हो गयी हों ऐसा नहीं लगता। दुःख, बीमारियाँ, कलह, ग़रीबी, अशिक्षा, जादू-टोना, रूह का ज़िस्म पर आना, अन्धविश्वास ...सब कुछ वैसा ही है ...जैसा पहले था। सिर्फ़ उनकी आस्था का डिपार्टमेंट बदला है, भैरमदेव की जगह प्रभु यीशु की आत्मा उनके ज़िस्म पर सवार हो जाती है। मथुरा और अयोध्या का स्थान येरुशलम और बेथहेलम ने ले लिया है। उनकी प्रतिबद्धतायें बदल गयी हैं। यीशु को बुरी तरह चीख-चीख कर रोते-बिलखते लोगों की प्रार्थनायें ही क़ुबूल होती हैं। मैंने एक से पूछा, जब सब कुछ वैसा ही है तो डिपार्ट्मेंट बदलने से क्या लाभ? उत्तर मिला, हमारा गॉड सच्चा है, हिन्दुओं का भगवान झूठा है। हमें हमारा प्यारा यीशु शांति देता है जो आपका भगवान कभी नहीं दे सकता।

  मैं अक्सर सोचा करता हूँ क्या हमारे बीच के वंचित और उपेक्षित लोग भगवानों के डिपार्टमेंट्स की राजनीति को कभी समझ भी सकेंगे, ....और यदि नहीं समझ सकेंगे तो यह समझाने का उत्तरदायित्व किसका है?

  मैं आज तक नहीं समझ नहीं सका कि कोई व्यक्ति धरनिरपेक्ष कैसे हो सकता है? वैज्ञानिक युग का यह कितना बड़ा प्रतिष्ठित झूठ है जो मान्यताप्राप्त है। आस्थायें बदलें और प्रतिबद्धतायें न बदलें ऐसा सम्भव है क्या?



Sunday, 16 December 2012

17 दिसम्बर, जन्म दिवस पर विशेष : लाला जगदलपुरी के मायने




अपने धरातल के लोक-जीवन और उससे सम्बद्ध सर्वांगीण गतिविधियों पर चिन्तन, लेखन और प्रकाशन में संलग्न और इसी अनुक्रम में "बस्तर : इतिहास एवं संस्कृति", "बस्तर-लोक कला-संस्कृति प्रसंग", "बस्तर की लोकोक्तियाँ", "आंचलिक कविताएँ", "ज़िंदगी के लिए जूझती ग़ज़लें", "हल्बी लोक कथाएँ", "वनकुमार और अन्य लोक कथाएँ", "बस्तर की मौखिक कथाएँ", "बस्तर की लोक कथाएँ", "मिमियाती ज़िंदगी दहाड़ते परिवेश", "गीत-धन्वा" और "पड़ाव-5" जैसी महत्त्वपूर्ण पुस्तकों के प्रणेता लाला जगदलपुरी बस्तर-साहित्याकाश के वे सूर्य हैं, जिनकी आभा से हिन्दी साहित्याकाश के कई नक्षत्र दीपित हुए और आज भी हो रहे हैं। ऐसे नक्षत्रों में शानी, डॉ. धनञ्जय वर्मा और लक्ष्मीनारायण "पयोधि" के नाम अग्रगण्य हैं। 17 दिसम्बर 1920 को जगदलपुर में जन्मे दण्डकारण्य के इस ऋषि, सन्त और महामना ने 1936 से लेखन आरम्भ किया और 1939 से प्रकाशन पाने लगे। मूलत: हिन्दी का कवि होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी और बस्तर की हल्बी-भतरी लोक भाषाओं में भी पर्याप्त और उल्लेखनीय सृजन किया। सृजन इतना उत्कृष्ट और प्रामाणिक कि लोग उनका लिखा चुराने लगे। बाल-साहित्य-लेखन में भी उनका गुणात्मक योगदान उल्लेखनीय और सराहनीय रहा है। लालाजी के अतीत का थोड़ा-सा समय साहित्यिक पत्रकारिता को भी समर्पित रहा था। वे जगदलपुर से कृष्ण कुमारजी द्वारा प्रकाशित साप्ताहिक "अंगारा" में सम्पादक, रायपुर से ठाकुर प्यारे लालजी द्वारा प्रकाशित "देशबन्धु" में सहायक सम्पादक,  महासमुंद से जयदेव सतपथीजी द्वारा प्रकाशित "सेवक" में सम्पादक और जगदलपुर से ही तुषार कान्ति बोसजी द्वारा बस्तर की लोक भाषा "हल्बी" में प्रकाशित साप्ताहिक "बस्तरिया" में सम्पादक रहे। वे इस साप्ताहिक के माध्यम से आंचलिक पत्रकारिता के सफल प्रयोग में चर्चित रहे हैं। उन्हें देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में निरन्तर प्रकाशन मिलता रहा है। यद्यपि उनके खाते में 2004 में छत्तीसगढ़ शासन के पं. सुन्दरलाल शर्मा साहित्य सम्मान सहित 1972 से लगातार प्राप्त होने वाले अनेकानेक सम्मान दर्ज हैं तथापि दो ऐसे सम्मान हैं, जिन्हें वे बारम्बार याद करते हैं। इन दोनों सम्मानों की चर्चा करते हुए उनकी आँखों में एक अनोखी चमक आ जाती है : 
सन् 1987 के दिसम्बर महीने की एक शाम। जगदलपुर नगर के "सीरासार हाल" में शानी जी का नागरिक अभिनन्दन किया जा रहा था। बस्तर सम्भाग के तत्कालीन आयुक्त सम्पतराम उस सम्मान-समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। "सीरासार" आमन्त्रितों से खचाखच भरा था। उस कार्यक्रम में लालाजी भी आमन्त्रित थे। वे सामने बैठे हुए थे। कार्यक्रम शुरु हुआ। शानीजी को पहनाने के लिये फूलों का जो पहला हार लाया गया, उसे ले कर शानीजी मंच से नीचे उतर पड़े। लोग उन्हें अचरज भरी उत्सुकता से देख रहे थे। शानीजी सीधे लालाजी की कुर्सी के पास आ खड़े हुए। लालाजी भी तुरन्त खड़े हो गये। माला उन्होंने लालाजी के गले में डाल दी। दोनों आपस में लिपट गये। आनन्दातिरेक की घड़ियाँ थीं। अप्रत्याशित और अनसोचा दृश्य था। प्राय: जैसा नहीं होता, वहाँ वैसा हो गया था। उपस्थित लोग भाव-विभोर हो गये थे। वातावरण में कई क्षणों तक तालियों की गड़गड़ाहट गूँजती रही थी। उस दृश्य को याद कर लालाजी कहते हैं, ""उस अभिनन्दन समारोह में मुझे ऐसा लगा कि वहाँ अभिनन्दन मेरा हुआ है।""
जगदलपुर स्थित मण्डी प्रांगण में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के मंच पर स्व. दिनेश राजपुरियाजी लालाजी को सम्मानित करना चाहते थे। वे लालाजी से मिले किन्तु लालाजी ने बड़े ही संकोच के साथ उनसे क्षमा माँग ली थी। उस रात कवि सम्मेलन को लालाजी के संकोच का जिक्र करते हुए घोषणा पूर्वक उन्होंने लालाजी को समर्पित कर दिया था। लालाजी इस घटना को याद करते हुए कहते हैं, ""...और मैं मन ही मन सम्मानित हो गया था।""



प्राय: ऐसा होता है कि हमें किसी को जानने के लिये उसका गहन अध्ययन करना पड़ता है। उसे बहुत करीब से और भीतर तक पढ़ना पड़ता है। और इस प्रक्रिया में एक लम्बा समय निकल जाता है। कभी-कभी तो पूरा का पूरा जीवन ही निकल जाता है और हम कुछ लोगों को समझ ही नहीं पाते। कोई बाहर से कुछ होता है तो भीतर से कुछ और। आप पढ़ते कुछ हैं और लिखा कुछ और ही होता है। ....और आपका अध्ययन बेकार हो जाता है। लेकिन यदि मैं यह कहूँ कि ऐसे लोगों में लालाजी, यानी बस्तर के यशस्वी और तपस्वी साहित्यकार लाला जगदलपुरीजी को शुमार करना उचित नहीं होगा तो मैं कहीं गलत नहीं होऊँगा। कारण, लालाजी का बाह्य और अन्तर दोनों एक समान है। उनका व्यक्तित्व पारदर्शी है। उन्हें पढ़ने के लिये न तो आपको घंटों लगेंगे, न दिन और महीने या साल। केवल कुछ पल...और लालाजी का भीतर और बाहर सब-कुछ आपके सामने किसी झरने के निर्मल और पारदर्शी जल जैसा झलकने लगेगा। जो कुछ उनके लेखन में है, वही उनके व्यक्तित्व में भी। लेखन खरा है तो व्यक्तित्व भी खरा। इसीलिये उन्हें समझना बहुत ही सहज है। 
बात 1972-73 की होगी। मैं बी.ए. प्रथम वर्ष का छात्र था। यों तो कविताएँ मैं 1970-71 से लिखने लगा था किन्तु प्रकाशन के नाम पर शून्य था। तो मैंने अपनी "ध्यानाकर्षण" शीर्षक एक कविता जगदलपुर से प्रकाशित होने वाले साप्ताहिक समाचार पत्र "अंगारा" में प्रकाशनार्थ भेज दी और सुखद आश्चर्य! कि वह कविता उस पत्र में प्रकाशित हो गयी। यह मेरा पहला प्रकाशन था। प्रकाशन के कुछ ही दिनों के भीतर उसके सम्पादक का पत्र भी मिला। सम्पादक थे लाला जगदलपुरीजी। नाम तो बहुत सुना था किन्तु उनके दर्शन का सौभाग्य तब तक नहीं मिल पाया था। उनका पत्र पा कर हौसला बढ़ा। एक दिन मैं अपने मित्र भाई केसरी कुमार सिंह के साथ उनके दर्शन करने पहुँच गया। उन्होंने यह जान कर कि उस कविता का कवि मैं हूँ, मेरी पीठ थपथपायी और कहा, "अच्छी रचना है। लिखते रहो। आगे और अच्छा लिखोगे, ऐसा मेरा विश्वास है।" मेरे लिये उनका यह आशीर्वाद किसी अनमोल रतन से कम नहीं था। आज भी कम नहीं है। और उसके बाद तो लालाजी से सम्पर्क का सिलसिला चल निकला। मेरी कई रचनाओं के परिमार्जन में लालाजी ने पूरे मन से समय दिया। अभी कुछ वर्षों तक भी वे उसी दुलार और स्नेह के साथ मेरी रचनाओं को ठीक-ठाक करने में अपना महत्त्वपूर्ण समय देते रहे हैं। यह मेरे लिये न केवल सौभाग्य अपितु गौरव की भी बात है। यहाँ यह कहना ज्यादा समीचीन होगा कि वे प्रत्येक उस रचनाकार की रचना को बड़े ही ममत्व से पढ़ते और उस पर अपना रचनात्मक सुझाव देते हैं, जो उनसे अपनी रचना को देख लेने का आग्रह करता है। ऐसे रचनाकारों में सुप्रसिद्ध कथाकार-उपन्यासकार शानी और आलोचना के शिखर पुरुष डॉ. धनञ्जय वर्मा के अलावा सुरेन्द्र रावल, योगेन्द्र देवांगन, लक्ष्मीनारायण पयोधि और त्रिलोक महावर आदि के नाम उल्लेखनीय हैं। यह अलग बात है कि ऐसे रचनाकारों में से कई उनके इस अवदान को भुला चुके हैं। किन्तु इसमें लालाजी का भला क्या दोष? 
किन्तु वे दोषी हैं। और उनका दोष यह है कि वे निर्दोष हैं। सच ही तो है, निर्दोष होना ही तो आज के युग में दोष है। वे निर्लिप्त हैं, प्रचार-प्रसार से कोसों नहीं बल्कि योजनों दूर रहने में भरोसा करते हैं। वे दोषी इस बात के भी हैं कि वे सरकारी सुविधायें नहीं झटक सके जबकि उनके चरणों की धूलि से भी समानता करने में अक्षम लोगों ने सारी सरकारी सुविधाएँ बटोर लीं। यदि स्वाभिमानी होना ग़लत है, तो वे ग़लत हैं। कारण, स्वाभिमान तो उनमें कूट-कूट कर भरा है। साहित्य की साधना करना दोष है तो वे दोषी हैं, क्योंकि वे तो साहित्य-साधक हैं; तपस्वी हैं। एकनिष्ठ होना यदि दोष है तो वे दोषी हैं, क्योंकि उनका एकमात्र उद्यम है साहित्य-साधना। साहित्य की राजनीति और गुटबाजी से अपने-आप को दूर रख कर रचना-कर्म में लगे रहना यदि दोष है तो लालाजी दोषी हैं, क्योंकि न तो उन्होंने साहित्य की राजनीति को अपने पास फटकने दिया और न गुटबाजी की दुर्गन्ध की ओर कभी नाक ही दी। अपने आप को प्रगतिशील, जनवादी और न जाने किन-किन अलंकरणों से सुसज्जित करने में लगे कुछ नौसीखियों की दृष्टि में लालाजी बुर्जुवा हैं। लेकिन ऐसे महानुभावों को सम्भवत: यह पता नहीं कि लालाजी कितने प्रगतिशील और जनवादी हैं। ऐसे लोगों की बुद्धि पर ग़ुस्सा नहीं मात्र तरस आती है। गीदड़ यदि शेर की खाल ओढ़ ले तो थोड़ी देर के लिये भ्रम की स्थिति तो निर्मित हो सकती है किन्तु क्या वह इतने से ही शेर बन सकता है? लालाजी तो शेर हैं। उनकी खिल्ली गीदड़ उड़ा लें तो क्या फर्क पड़ता है भला?
जगदलपुर की सड़कों पर छाता लिये, धोती का एक सिरा उँगलियों के बीच दबा पैदल घूमते लालाजी का मन हुआ तो घुस गये किसी होटल में नाश्ता करने के लिये और मन हुआ तो वहीं सड़क के किनारे खोमचे के पास खड़े-खड़े ही कुछ खा-पी लिया। शहर में एक छोटे से बच्चे से ले कर बड़े-बूढ़े तक सभी तो पहचानते हैं उन्हें। यह अलग बात है कि पढ़े-लिखे लोग "लालाजी" और अनपढ़-से लोग "लाला डोकरा" के नाम से जानते हैं। कुछ वर्षों पूर्व स्कूटर पर से गिर जाने के बाद से वे प्राय: पैदल नहीं चलते। रिक्शे से आते-जाते हैं। शहर के सारे रिक्शे वाले उनके घर से भली भाँति परिचित हैं और एक बँधी-बँधायी किन्तु रियायती रकम ही उनसे लेते हैं। इस तरह रिक्शे वाले भी उनके प्रति अपना सम्मान प्रदर्शित करते हैं। संवेदनशील इतने कि आज 92 वर्ष की आयु में भी उन्हें अपनी माता की याद सताती है। वे अपनी स्वर्गीया माता को याद कर किसी शिशु की तरह भाव-विह्वल हो जाते हैं। दूसरों का ध्यान इतना अधिक रखते हैं कि कोई सगा भी क्या रखता होगा। पिछले वर्ष नवम्बर में और फिर 05 दिसम्बर (2010) को मैं जब उनसे मिला था तो वे अपनी स्मरण-शक्ति के क्षीण होते जाने को ले कर बहुत परेशान थे। उनकी परेशानी यह थी कि यदि किसी ने उन्हें देख कर नमस्कार किया तो उन्होंने उस नमस्कार का जवाब दिया या नहीं। वे कहने लगे थे, ""मैं व्यथित हो जाता हूँ जब मुझे यह स्मरण नहीं रहता कि मैंने मेरा अभिवादन करने वाले महानुभाव को उसके अभिवादन का प्रत्युत्तर दिया अथवा नहीं। एक अपराध बोध होता है और आत्मा कचोटती है कि यदि मैंने नमस्कार का जवाब नमस्कार से नहीं दिया तो यह अवश्य ही उस व्यक्ति का मेरे द्वारा किया गया अपमान ही होगा। मैं इसी बात को ले कर चिन्तित रहा करता हूँ।""  
लालाजी अपनी दिवंगत माता को शिद्दत से याद करते हुए अत्यन्त भावुक हो उठते हैं। उन्हें स्मरण कर आज 93 वर्ष की आयु में भी उनकी आँखे पनीली हो आती हैं। निम्न मुक्तकों में अपनी माता के प्रति उनकी श्रद्धा और भक्ति प्रदर्शित होती है : 
आयु के तुमने भयानक वर्ष झेले,
नर-पिशाचों के गलत आदर्श झेले,
जन्म-दात्री! खूब था जीवन तुम्हारा -
खूब, तुमने खूब ही संघर्ष झेले। 
माता की मृत्यु ने उन्हें विचलित कर दिया था। वे अपनी माता की मृत्यु से इतने व्यथित हुए कि उन्हें "भगवान-खोली" यानी पूजा-कक्ष भी माता की अनुपस्थिति में सूना लगता है : 
हृदय सूना, प्राण सूने,
नयन सूने, कान सूने,
क्या करे भगवान-खोली -
माँ बिना भगवान सूने। 
माता का वरद हस्त उनके सिर पर था और ऐसे में जब उनकी मृत्यु हुई तो लालाजी पर मानो गाज ही गिर पड़ी। उन्हें अपनी माता से बहुत सम्बल मिला करता था। दीनता से भरे समय में भी माता के हाथ ऊँचे रहा करते, कटि झुकी होने के बावजूद उनका माथा ऊँचा रहा करता : 
पेट भूखा, हाथ ऊँचा!
कटि झुकी, पर माथ ऊँचा!
थी गिरी हालत, मगर माँ,
था तुम्हारा साथ ऊँचा!
लालाजी को इस बात का सदैव दु:ख रहा है कि उनकी माता के संगी केवल और केवल दु:ख और दर्द ही रहे थे। यह दु:ख उन्हें सालता रहा है : 
संगी थे दु:ख-दर्द तुम्हारे,
थीं तुम इतनी नेक, रहम-दिल
सब की फरियादें पी-पी कर,
घुटती रहती थीं तुम तिल-तिल।
माँ के रूप मिलीं तुम मुझको,
मुझे दे गई मेरी मंज़िल।
मने के गगन तुम्हारी सुधियाँ,
रात-रात भर झिलमिल-झिलमिल।  
माता की दिनचर्या में केवल और केवल काम हुआ करता था। विश्राम के पल आते ही नहीं थे। उन्होंने अपनी माता को हमेशा "कमेलिन" की तरह काम में जुटी हुई देखा था : 
कभी सीती-टाँकती-सी दीख पड़ती हो,
जख्म ताजा आँकती-सी दीख पड़ती हो,
कभी कमरे में रसोई के कमेलिन माँ!
खोलती कुछ ढाँकती-सी दीख पड़ती हो!
लालाजी अपनी माता की ही तरह अपने गाँव तोतर को भी भुला नहीं पाते। तोतर उनके मानस-पटल पर रह-रह कर कौंधता रहता है। मैंने कई बार बातचीत के दौरान उनके मुँह से तोतर का जिक्र सुना है। वहाँ के आम, इमली और करंजी पेड़ों की छाँव, वहाँ का पवन, पानी, शीत, सन्नाटा, अँधेरा सब कुछ तो याद है उन्हें :
दीन बचपन, दूर "तोतर गाँव" मैं-तुम!
आम, इमली और करंजी-छाँव मैं-तुम!
पवन, पानी, शीत, सन्नाटा, अँधेरा,
रात डायन, खौफनाक पड़ाव, मैं-तुम!
साक्षात्कारों से लालाजी प्राय: दूर रहते आये हैं। उनका कहना रहा है कि साक्षात्कार ले कर कोई क्या करेगा? ""आप हमसे रचनाएँ लीजिये। साक्षात्कार में क्या रखा है?"" वे कहते हैं। वे "माइक" पर कुछ भी कहने से गुरेज करते हैं। राजेन्द्र बाजपेई कई बार प्रयास कर चुके कि वे उनसे एक टी.वी. चैनल के लिये बातचीत रिकार्ड कर सकें किन्तु उन्हें सफलता नहीं मिली। मैंने भी कई बार प्रयास किया किन्तु ऐसा सम्भव नहीं हो सका। हाँ, वे लिखित साक्षात्कार दे देते हैं। आप अपने प्रश्न उन्हें लिख कर दे दें, वे उन प्रश्नों का जवाब लिखित में तैयार कर आपको अगले दिन अथवा कुछ दिनों बाद सहर्ष दे देंगे। 
वर्षों पूर्व बस्तर पर पुस्तक लिखने के लिये एक तथाकथित और स्वयंभू साहित्यकार को मध्यप्रदेश शासन ने किसी प्रथम श्रेणी राजपत्रित अधिकारी-सी सारी सुविधाएँ और धनराशि मुहैया करवायी किन्तु उन्होंने क्या और कैसा लिखा, आज तक कोई नहीं जानता। किन्तु सुविधाओं और आर्थिक सहायता के बिना लालाजी ने "बस्तर : इतिहास एवं संस्कृति" तथा "बस्तर लोक : कला एवं संस्कृति", "बस्तर की लोक कथाएँ", "बस्तर की लोकोक्तियाँ", "हल्बी लोक कथाएँ", "आंचलिक कविताएँ", "मिमियाती ज़िंदगी दहाड़ते परिवेश", "गीत-धन्वा" आदि महत्त्वपूर्ण पुस्तकों का प्रणयन कर यह सिद्ध कर दिया कि शासकीय सहायता के बिना भी काम किया जा सकता है। और किसी भी तरह की सहायता का मुखापेक्षी होना सृजनात्मकता को निष्क्रिय कर देता है। यही कारण है कि राजकीय सहायता का मुखापेक्षी होना लालाजी को कभी रास नहीं आया। राजभाषा एवं संस्कृति संचालनालय से मिलने वाली सहायता राशि के सन्दर्भ में प्रतिवर्ष माँगे जाने वाले जीवन प्रमाण-पत्र के विषय में लालाजी ने स्पष्ट कह दिया था कि उनसे उनके जीवित होने का प्रमाण-पत्र न माँगा जाये। शासन उन्हें जीवित समझे तो सहायता राशि दे अन्यथा बन्द कर दे। उनका कहना था कि सहायता माँगने के लिये उन्होंने शासन से कोई याचना नहीं की थी और न करेंगे। वे कहते हैं कि उनकी अर्थ-व्यवस्था आकाश वृत्ति पर निर्भर करती है। 
पिछले कुछ वर्षों से वे मौन साध लेने को अधिक उपयुक्त मानने लगे हैं। मैंने काफी दिनों से उनका कोई पत्र न आने पर जब उनसे शिकायत की तो उन्होंने मुझे अपने दिनांक 18.01.04 के पत्र में लिखा : ""....परिस्थितियों ने इन दिनों मुझे मौन रहने को बाध्य कर दिया है। चुप्पी ही विपर्यय की महौषधि होती है। मेरे मौन का कारण तुम नहीं हो।"" 
कोई रचना उन्हें भा जाये तो रचनाकार की तारीफ करने में वे कंजूसी बिल्कुल ही नहीं करते। बस्तर की वाचिक परम्परा पर केन्द्रित मेरी पुस्तकों के विषय में उन्होंने अपने एक पत्र में लिखा, ""बस्तर के लोक साहित्य को समर्पित तुम्हारे चिन्तन, लेखन और प्रकाशन की सारस्वत-सेवा का मैं पक्षधर और प्रशंसक हूँ। बधाई ------ शुभकामनाएँ।"" आज जब हम थोथी आत्म-मुग्धता के चरम पर हैं और दूसरों की सृजनात्मकता और उपलब्धि हमारे लिये सबसे बड़ा दु:ख का कारण हो गयी है; लालाजी की यह औदार्यपूर्ण प्रतिक्रिया मायने रखती है। 
लालाजी ने जो कुछ लिखा उत्कृष्ट लिखा। बस्तर की संस्कृति और इतिहास पर कलम चलायी तो उसकी प्रामाणिकता पर प्रश्न चिन्ह लगे ऐसी सम्भावना से भी उसे अछूता रखा। यही कारण है कि उनके बस्तर सम्बन्धी लेखों की प्राय: चोरी होती रही है। चोरों में बड़े नाम भी शामिल रहे हैं। नामोल्लेख के बिना कहना चाहूँगा कि यह चोरी लगातार और धड़ल्ले से होती रही है जो आज भी जारी है। अभी पिछले वर्ष कोंडागाँव स्थित महाविद्यालय द्वारा प्रकाशित तथाकथित ग्रन्थ में भी बस्तर दशहरा पर लालाजी का पूर्व प्रकाशित लेख जस का तस किसी ने चुरा कर अपने नाम से प्रकाशित करा लिया है। ऐसी ही चोरियों के सन्दर्भ में जब मेरी उनसे बातचीत हो रही थी तब वे कहने लगे थे, ""हमें इस बात का गौरव है कि हमने कुछ ऐसा लिखा कि लोग उसे चुराने लगे हैं। चोरी तो बहुमूल्य और महत्त्वपूर्ण वस्तुओं की ही होती है, न?"" वे कहते हैं कि रचनाओं की चोरी-चपाटी या छीन-झपटी उनके लिये अपनी रचनाओं को परखने की एक कसौटी बनती गयी और इससे उन्हें अपनी रचनाओं की सशक्तता का एहसास होता गया। चोरी की ऐसी ही एक अनोखी घटना का जिक्र करते हुए वे बताने लगे कि एक व्यक्ति को उन्होंने इस शर्त पर रचना-सहयोग दिया था कि वह उन्हें टाइपिंग-चार्ज दे दें। इस पर वे सज्जन राजी पड़ गये और टाइपिंग-चार्ज दे तो दिया लेकिन सामग्री पर हावी हो गये। जब लालाजी अपनी सामग्री हथियाये जाने के विरूद्ध उनकी अदालत में उनके खिलाफ पेश हुए तब वे सज्जन अपनी सफाई में कहने लगे, ""मैंने आपको टाइपिंग-चार्ज दे दिया था। याद होगा। इसीलिये इसका उपयोग मैंने अपने नाम से कर लिया था। अगर आप नहीं चाहते, तो कोई बात नहीं।""
घोटुल पर लोगों ने ऊलजलूल लिखा और बस्तर की इस महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहर के विषय में भ्रामक प्रचार किया। उसे लांछित किया। किन्तु लालाजी ने घोटुल की आत्मा को समझा और सच्चाई लिखी। अपनी बहुचर्चित पुस्तक "बस्तर : इतिहास एवं संस्कृति" के लेखकीय में वे कहते हैं, ""मैं शास्त्रीय लेखन का धनी नहीं हूँ। "बस्तर : इतिहास एवं संस्कृति" में मेरा अनुभव-लेखन संकलित है। ग्रियर्सन, ग्रिग्सन, ग्लासफर्ड और एल्विन आदि जिन विख्यात मनीषियों के उद्धरण दे-दे कर तथ्यों की पुष्टि की जाती है; उन्होंने जिन क्षेत्रीय रचे-बसे लोगों से पूछ-ताछ कर प्रामाणिक सामग्री जुटायी थी, अंचल के वैसे ही लोग मेरे तथ्य प्रदाता भी रहे थे। लेखकीय दृष्टि मेरी स्वत: की है।"" क्या इतनी ईमानदारी किसी और लेखक के आत्म-स्वीकार में मिल पाती है? वे बस्तर के बेजुबान लोगों के विषय में इसी लेखकीय में आगे कहते हैं, ""प्रकृति की खुली पुस्तक में मैंने बस्तर के विगत वनवासी जीवन-दर्शन का थोड़ा-सा आत्मीय अध्ययन किया है। एक ऐसा लोक-जीवन मेरी सृजनशीलता को प्रभावित करता आ रहा है, जिसने जाने-अनजाने प्रबुद्ध समाज को बहुत कुछ दिया है और जिसके नाम पर गुलछर्रे उड़ाये जाते थे। लँगोटियाँ छिन जाने के बावजूद भी जिसे लँगोटियाँ अपनी जगह सही-सलामत मालूम पड़ती थीं। सोचिये, आदमी सामने है। उसका कण्ठ गा रहा है, उसके होंठ मुस्करा रहे हैं और चेहरा उत्फुल्लता निथार रहा है। उसका शरीर गठा हुआ है। समझ में यह नहीं आता कि उसकी इस मस्ती का कारण क्या है? उसकी इस निश्चिन्तता का रहस्य क्या है? जबकि उसका उत्तरदायित्व बड़ा है और उसके घर कल के लिये भोजन की कोई व्यवस्था नहीं है। उसके नसीब में केवल श्रम ही श्रम है, दु:ख ही दु:ख है, परन्तु वह दु:ख को सुख की तरह जी रहा है। उसका यह जीवन-दर्शन कितना प्रेरक है......सोचिये।""
लालाजी धन के साथ-साथ यश-लिप्सा से भी अछूते रहे हैं। यदि ऐसा नहीं होता तो वे मुझे उन पर काम करने के लिये मना न कर देते। सन् 2000 में मैंने उन पर पीएच-डी करने की सोची थी और उन्हें अपनी मंशा बतायी तो वे कहने लगे थे कि मैं उन पर पीएच-डी करने की बजाय किसी अन्य विषय पर पीएच-डी करूँ। उन्होंने कहा था, ""मुझे छोड़ कर अन्य किसी भी विषय पर पीएच-डी करो। मुझ में क्या रखा है। और वैसे भी मुझ पर पीएच-नहीं कर सकते क्योंकि उसके लिये मेरी प्रकाशित पुस्तकों की संख्या कम है।"" उस समय बात आयी-गयी हो गयी। किन्तु मेरे मन से उन पर काम करने की इच्छा गयी नहीं और मैं लगातार इस सम्बन्ध में सोचता औरअकुलाता रहा। फिर 2005 में जब मैं अध्ययन अवकाश पर था, मैंने तय कर लिया कि अब तो उनके मना करने पर भी उन पर काम करना ही है। और मैंने अपना प्रस्ताव उनके समक्ष रख दिया। मैंने कहा कि मैं पीएच-डी नहीं करूँगा। नहीं लेना मुझे डॉक्टरेट की डिग्री, किन्तु उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर छोटा-मोटा काम तो कर सकता हूँ, न? वे तब भी नहीं माने थे किन्तु जब मैंने बहुत जोर दिया तो वे इस शर्त के साथ मान गये कि मैं बस्तर की वाचिक परम्परा पर चल रहे अपने काम को प्राथमिकता दूँगा और उन पर किये जाने वाले काम को दूसरे क्रम पर रखूँगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह शर्त भी रखी कि उन पर किये जाने वाले काम के कारण बस्तर की वाचिक परम्परा पर चल रहे मेरे काम में व्यवधान नहीं आना चाहिये। मैंने उन्हें वचन दिया कि ऐसा ही होगा और आश्वस्त किया कि इन दिनों चूँकि मैं एक वर्ष के अध्ययन अवकाश पर हूँ इसीलिये मेरे पास समय की कमी नहीं है इसीलिये व्यवधान की कोई बात ही नहीं है। मुझे आज भी उनके शब्द याद हैं। उन्होंने बड़ी ही भावुकता के साथ कहा था, ""बस्तर में अलिखित साहित्य का अक्षुण्ण भण्डार है, जिसे सहेजने का अत्यन्त महत्त्वपूर्ण कार्य तुम कर रहे हो। उसे सहेजने का काम मुझ पर लिखने से ज्यादा महत्त्वपूर्ण है। पहले उसे पूरा करो।"" क्या ऐसी सोच किसी सामान्य व्यक्ति की हो सकती है? यह सोच तो केवल लालाजी जैसे ऋषि की ही हो सकती है, न? बहरहाल, मैंने प्रस्ताव रखा कि मैं दस-पन्द्रह दिनों के लिये जगदलपुर प्रवास पर रह कर उनसे बातचीत करूँगा और बातचीत के जरिये सामग्री जुटाऊँगा। मेरे पत्र के जवाब में उन्होंने लिखा कि जगदलपुर में शान्ति नहीं है। और वे स्वयं कोंडागाँव आयेंगे और लॉज में ठहरेंगे किन्तु लॉज का खर्च स्वयं वहन करेंगे। मेरे लिये यह स्थिति दु:खदायी थी किन्तु स्वाभिमानी लालाजी की बात टालने का अर्थ होता उनके आगमन के स्वर्ण अवसर को जान-बूझ कर खटाई में डालना। मैं उनकी इस शर्त को मान गया। मानना ही था। न मानता तो वे आते ही नहीं। बहरहाल, तय कार्यक्रम के अनुसार वे कोंडागाँव आये और बस-स्टैंड के पास स्थित गुरु लॉज में ठहरे। उन्होंने ताकीद कर दी थी कि वे पैदल ही चलेंगे, वाहन की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने मेरे लॉज पहुँचने का समय निर्धारित कर दिया था। उनके आदेशानुसार सवेरे 9 बजे मैं उन्हें लेने के लिये मोटर सायकिल पर अपने बेटे चि. नवनीत के साथ जाता, जो मुझे उनके पास छोड़ कर मोटर सायकिल वापस ले आता। वे मेरे पहुँचने के पहले ही नित्य-कर्म से निवृत्त हो कर लॉज के नीचे होटल में नाश्ता कर चुके होते। उन्होंने पहले ही कह रखा था कि वे नाश्ता होटल में ही करेंगे और उसका पेमेन्ट भी वही करेंगे। मैंने उनकी बात न चाहते हुए भी मान ली थी। मानना विवशता थी। न मानता तो.............। बहरहाल, हम दोनों लॉज से पैदल चल कर घर आते। फिर घर में भी उन्हें हल्का-सा नाश्ता मेरे साथ करना पड़ता। चाय पी जाती और अनौपचारिक बातें होतीं। बातचीत टेप रिकार्ड करने की सख्त मनाही रहती। दोपहर के भोजन के बाद लालाजी को मेरा बेटा चि. नवनीत मोटर सायकिल पर लॉज तक छोड़ देता। शाम को मैं फिर से लॉज पहुँच जाता और फिर हम दोनों पैदल घूमने निकल पड़ते। घूमते-घामते घर आते। भोजन होता और फिर वे वापस लॉज पहुँचा दिये जाते। इस तरह लगभग 10-12 दिन वे कोंडागाँव में रहे। टेप रिकार्डर और विडियो कैमरे पर उन्होंने केवल कविताएँ और आलेख ही रिकार्ड करवाये। साक्षात्कार जैसी चीज को दोनों ही माध्यमों से दूर रहने दिया। न केवल मेरे लिये बल्कि मेरे पूरे परिवार के लिये वे 10-12 दिन किसी उत्सव से कम नहीं थे। मेरा घर उतने दिनों के लिये एक साहित्य-तीर्थ बन गया था। मेरे साथ-साथ मेरा परिवार भी उन दिनों की याद कर आज भी गौरवान्वित होता रहता है। पिछली बार जब मैं 05 दिसम्बर (2010) को उनसे मिला तो वे भी उन पलों की याद में खो गये। मेरे पिताजी को वे अपने छोटे भाई की तरह मानते थे। द्रवित स्वर में कहने लगे, ""भाई के साथ बातें होती थीं जब भी मैं कोंडागाँव जाता था तुम्हारे यहाँ। अब तो वे रह नहीं गये। क्या करें, यही संसार का नियम है।"" 
लालाजी इसके पहले भी कई बार कोंडागाँव प्रवास पर रह चुके हैं किन्तु कभी भी किसी के घर पर नहीं ठहरे। हर बार लॉज में रुके। हाँ, भोजन अवश्य ही घर पर किया करते। उन्हें कोंडागाँव रास आता रहा है।  
लाला जी एक लेखक के दायित्व से न केवल भली भाँति परिचित हैं अपितु उसका निर्वहन भी उसी तरह और पूरी तरह सजगता के साथ करते हैं। इस सम्बन्ध में वे अपने एक लेख "लेखक और लेखकीय दायित्व" में कहते हैं, ""मानव-समाज में दायित्व एक ऐसा गुण है, जिसकी आवश्यकता हर कार्य में हुआ करती है। दायित्व-निर्वहण के अभाव में कोई भी कार्य सफल नहीं हो पाता। मिलने-जुलने और बातचीत करने में भी दायित्व का निभापन आवश्यक होता है। फिर लेखन का कार्य तो सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण माना जाता है। उसके दायित्वहीन होने का तो प्रश्न ही नहीं उठता। लेखक, जो विकसित व्यक्तित्व का धनी होता है, वह निस्संदेह दायित्वपूर्ण ही होता है। दायित्व के निभापन से लेखक और लेखन, दोनों ही काल-जयी हो जाते हैं। यह उल्लेखनीय है कि विकसित व्यक्तित्व का ही कृतित्व इसलिये दायित्वपूर्ण होता है, क्योंकि लेखक, जो विकसित व्यक्तित्व का उदाहरण बनता है, सबसे पहले वह मनुष्य होता है और मनुष्य हो कर मनुष्यता-विरोधी ताकतों से संघर्ष करते हुए और प्रतिकूलताओं को झेलते हुए दायित्वपूर्ण जीवन जीता है तथा जीवनानुभवों की समृद्धि जुटा कर लिखता है। जाहिर है कि दायित्वपूर्ण जीवन जिये बिना लेखकीय दायित्व की निष्पत्ति नहीं हो पाती। दायित्वपूर्ण लेखन का एक उद्दिष्ट मार्ग होता है। उसकी एक निश्चित दिशा होती है। कोई भी प्रतिभावान लेखक देख-सुन कर, पढ़ कर, भोग कर, सोच-विचार कर और आत्म-प्रेरित हो कर लिखता है। तभी उसके लेखन में परिपक्वता आती है और वह अपने लेखकीय दायित्व का मूद्र्धन्य कृतिकार कहलाता है। लेखन और लेखक की एक ही दिशा होती है।""
लालाजी समदर्शी हैं। उनके मुँह से कभी किसी के लिये कोई अपशब्द नहीं निकले। किसी को बुरा कहा ही नहीं। उनके लिये कोई भी व्यक्ति बुरा नहीं है। बुरा भी अच्छा है। वे निंदा-सुख नहीं लेते। देखें उनकी कविता "सब अच्छे हैं" की कुछ पंक्तियाँ : 
किस-किस की बोलें-बतियाएँ, सब अच्छे हैं,
आगे-पीछे, दाएँ-बाएँ सब अच्छे हैं। 
सबको खुश रखने की धुन में सबके हो लें,
मिल बैठें सब, पियें-पिलायें सब अच्छे हैं। 
अन्त में यह कहना होगा कि यदि हममें अक्षरादित्य लालाजी का स्वाभिमान, उनकी ईमानदारी, उनकी सच्चाई और लगन, परिश्रम तथा निष्ठा का एक छोटा-सा अंश भी आ जाये तो यह हमारे लिये बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। आज के इस कठिन दौर में लालाजी जैसा व्यक्तित्व मिल पाना सहज नहीं है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमें उनका नैकट्य सहज ही उपलब्ध है। इसके लिये हमें लालाजी का आभारी होना चाहिये। 
(प्रस्तुत आलेख लालाजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केन्द्रित मेरे लेखनाधीन पुस्तक ""दण्डक वन के ऋषि लाला जगदलपुरी"" का महज एक प्रारम्भिक अंश है।)
आइये, लाला जी का काव्य-पाठ सुनें : 


Tuesday, 27 November 2012

नारी पर केन्द्रित महागाथा लछमी जगार

देश का आदिवासी बहुल बस्तर अंचल अपनी सांस्कृतिक सम्पन्नता के लिए देश ही नहीं, अपितु विदेशों में भी चर्चित है। क्षेत्र चाहे रुपंकर कला का हो या कि प्रदर्शनकारी कलाओं या फिर मौखिक परम्परा का। प्रकृति के अवदान को कभी न भुलाने वाला बस्तर का जन मूलत: प्रकृति का उपासक है। उसके सभी पर्वों पर उसकी अनन्य उपासना, श्रद्धा, भक्ति और कृतज्ञता की स्पष्ट छाप दिखलायी पड़ती है। वर्ष भर कोई न कोई त्यौहार, कोई न कोई उत्सव। बीज-बोनी का उत्सव "बीजफुटनी", माँ धरती का त्यौहार "माटीतिहार", वसुन्धरा के श्रृंगार का पर्व "अमुसतिहार", नए अन्न का स्वागत "नवाखानी", गोधन की पूजा "दियारी", आम का स्वागत "आमा जोगानी", वर्षा की अभ्यर्थना "भिमाजतरा", ग्राम-देवी-देवताओं की वार्षिक पूजा-अर्चना का आयोजन "मँडई", "ककसाड़" या "खड़साड़" अथवा विभिन्न "पण्डुम" आदि।
               "धनकुल (तिजा जगार)" तथा "लछमी जगार" भी इसी तरह के महत्त्वपूर्ण लोकोत्सव हैं। जहाँ "धनकुल" में माहादेव-पारबती (महादेव-पार्वती) की कथा गायी जाती है वहीं "लछमीजगार" में माहालखी (महालक्ष्मी) और नरायन (नारायण) की। "लछमीजगार" की इस कथा को उसकी प्रकृति के अनुसार लोक महाकाव्य कहा जाना समीचीन होगा। उल्लेखनीय है कि "लछमीजगार" को कुछ लोग "जगार", कुछ लोग "लखीजगार" तथा कुछ लोग "लखीजग" और कुछ लोग "जग" कह देते हैं। "जगार" बस्तर अंचल की लोकभाषा "हल्बी" का शब्द है और यह हिन्दी के जागरण या जागृति अथवा यज्ञ शब्द का ही अपभ्रंश है। मूलत: हल्बी में गाए जाने वाले इस लोक महाकाव्य की भाषा में यदा-कदा भतरी (ओड़िया भाषा तथा बस्तर की लोकभाषा हल्बी के सम्मिश्रण से प्रादुर्भूत एक लोकभाषा, जो बस्तर अंचल के सीमावर्ती क्षेत्र में बोली जाती है) एवं छत्तीसगढ़ी लोक भाषाओं के भी शब्द प्रयुक्त हुए हैं। यह उत्सव प्राय: सामूहिक रूप से आयोजित किया जाता है, जिसे "गाँवजगार" कहा जाता है। कई बार मनौती मानने वाले व्यक्तिगत रूप से भी इसका आयोजन करते हैं। किन्तु आयोजन में भाग सभी लेते हैं। कम से कम पाँच तथा अधिकतम ग्यारह दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के आयोजन-स्थल प्राय: "देवगुड़ी" अर्थात् मन्दिर होते हैं। आयोजन-स्थल को लीप-पोतकर सुन्दर ढंग से सजाया जाता है। दीवार पर भित्तिचित्र अंकित किए जाते हैं। इन चित्रों में "जगार" की कथा संक्षेप में अंकित होती है। पाट गुरुमायँ अर्थात् पट या प्रमुख गुरु माँ और चेली गुरुमायँ अर्थात् शिष्या या सहायिका गुरुमायँ इस आयोजन की सिरमौर होती हैं। यही दोनों हण्डी, धनुष, बाँस की पतली कमची तथा चावल फटकने का सूपा, जिन्हें क्रमश: "घुमरा हाँडी", "धनु", "छिरनी काड़ी" और "सूपा" कहा जाता है; के संयोजन से तैयार वाद्य-यन्त्र बजाती हुई "जगार" की कथा गीत रूप में सुनाती हैं। इस मौलिक एवं अनूठे वाद्य-यन्त्र को "धनकुल" कहा जाता है। "धनकुल" शब्द ओड़िया भाषा से आया हुआ है। धनुष का परिवर्तित स्वरूप है "धन" तथा कुला का परिवर्तित स्वरूप है "कुल"। ओड़िया में कुला का अर्थ है सूपा।
                 इस आयोजन में दिन में तो पूजा-अर्चना होती रहती है, दीपक अनवरत् जलता रहता है किन्तु कथा-गायन प्राय: रात में ही होता है। श्रद्धालु जन देर रात तक पलकें बिना झपकाए बैठे कथा का रस ले रहे होते हैं। "जगार" गीत वस्तुत: गीत नहीं, लोक महाकाव्य है। मौखिक महाकाव्य। अलिखित साहित्य। आश्चर्य होता है इन गुरुमाओं की स्मरण-शक्ति पर, जिन्हें लगभग एक-डेढ़ हजार पृष्टों में समाने वाला यह महाकाव्य कंठस्थ है। ऑस्ट्रेलिया के नृतत्वशास्त्री डॉ. क्रिस ग्रेगोरी इसे दुनिया का सबसे महत्त्वपूर्ण लोक महाकाव्य निरुपित करते हैं। वे कहते हैं "ओरल एपिक्स ऑफ इंडिया के सम्पादक स्टुअर्ट एच. ब्लैकबर्न ने अपनी इस किताब में कहा है कि भारत में ऐसा कोई लोक महाकाव्य "रिकार्ड" नहीं किया गया है, जिसे केवल महिलाएँ गाती हों। किन्तु अब इस महाकाव्य को हरिहर वैष्णव द्वारा रिकार्ड (ध्व िकिए जाने के कारण स्टुअर्ट एच. ब्लैकबर्न की उपर्युक्त स्थापना बदल जाती है।"
यह वह लोक महाकाव्य है जिसमें मृत्यु की नहीं अपितु जीवन की कहानी है। यह युद्ध और नायक प्रधान कथा नहीं है। यह नारी प्रधान लोक महाकाव्य है। नारी की, नारी द्वारा, नारी के लिए कही गयी महागाथा है यह "लछमी जगार"। यह सृजन की कथा है। इसमें साहित्य, कला, विज्ञान, इतिहास एवं भूगोल आदि का समावेश ही नहीं अपितु वृहद् एवं तथ्यात्मक विवरण है। ज्ञान का भण्डार है यह लोक महाकाव्य। इस महाकाव्य में पौराणिक नायक-नायिकाओं, यथा लक्ष्मी-नारायण एवं महादेव-पार्वती का लोक संस्कृतिकरण हुआ है। लछमी-नरायन (लक्ष्मी-नारायण) और माहादेव-पारबती (महादेव-पार्वती) नामकरण इसी लोक संस्कृतिकरण के परिणाम हैं। इस महाकाव्य के नायक-नायिका ईश्वर होते हुए भी लोक के अनुरूप आचरण और व्यवहार करते दिखलाई पड़ते हैं। सबसे महत्त्वपूर्ण तथ्य जो इस उत्सव के विषय में रेखांकित किए जाने योग्य है, वह यह कि गुरुमायँ का किसी खास या तथाकथित ऊँची जाति की होना कतई आवश्यक नहीं है। यों तो प्राय: महिलाएँ ही गुरुमायँ होती हैं किन्तु अपवाद स्वरूप पुरुष भी यह भूमिका निभाते देखे गए हैं। बस्तर ग्राम के सुखदेव एवं जयदेव, कोंडागाँव के लुदरुराम कोराम और छेदीराम, काकड़गाँव के सुकलू राम पाँडे तथा बरकई के मस्सूराम सोनवानी ऐसे ही अपवादों में से हैं।
                 "लछमी जगार" अन्न लक्ष्मी की पूजा का महोत्सव है। इस लोक महाकाव्य में सृष्टि की उत्पत्ति की कहानी है, धान की उत्पत्ति की कहानी है और इसमें वर्षा की भी कहानी है। इसमें वर्ण या रंग-भेद का कोई स्थान नहीं है। इस महाकाव्य के अनुसार मेंगराजा-मेंगिनरानी (मेघ राजा-मेघिन रानी) अर्थात् वर्षा के देवता की पुत्री हैं माहालखी। माहालखी यानी धान। माहादेव कृषक हैं। देवी पारबती को चिंता है मँजपुर यानी मृत्यु लोक के निवासियों की। वह उन्हीं के जीवन-यापन के लिए माहादेव को कृषि-कार्य हेतु प्रेरित करती हैं। माहादेव के अथक परिश्रम से होती है धान अर्थात् माहालखी की उत्पत्ति। माहालखी यानी धान नरायन राजा की बाईसवीं रानी हैं। उनकी इक्कीस रानियाँ हैं कोदो, कोसरा, सरसों, मूँग, अरहर, उड़द, राई, तिल, डेंगीतिल या परबत, चना, बटरा, मँडिया, अलसी, भदई, सावाँ, झुड़ँगा, काँदुल आदि तिलहनी एवं दलहनी फसलें। ये इक्कीस रानियाँ सौतियाडाह के चलते माहालखी को प्रताड़ित करती हैं। बहुत अधिक प्रताड़ित किये जाने के बावजूद माहालखी अपने पति का घर नहीं छोड़तीं किन्तु जब नरायन राजा द्वारा पाद-प्रहार किया जाता है तब वे इसे नारी की अस्मिता पर आघात मान कर पति का घर छोड़ देती हैं। उनके गृह-त्याग के बाद नरायन राजा और उनकी इक्कीस रानियों पर दुखों के पहाड़ टूट पड़ते हैं। वे दाने-दाने को मोहताज हो जाते हैं। अन्त में हार मान कर रानियाँ स्वयं ही नरायन राजा से माहालखी को खोज कर घर वापस लाने को कहती हैं। नरायन राजा बड़ी मुश्किलों के बाद माहालखी को खोज कर घर वापस लाते हैं।
लछमी जगार का आयोजन प्राय: नवाखानी के बाद आरम्भ हो जाता है किन्तु अगहन के महीने को इसके लिये सर्वाधिक उपयुक्त माना जाता है। अगहन का महीना लक्ष्मी का समय माना जाता है। महत्त्वपूर्ण दिन होता है बड़ा जगार का। यानी जगार का अन्तिम दिन। और यह अन्तिम दिन होता है गुरुवार। जगार चाहे पाँच दिन का हो या सात अथवा नौ या ग्यारह दिनों का। समाप्ति तो गुरुवार को ही होगी।
                        जिस स्थान पर लछमीजगार रखना हो, वहाँ परम्परानुसार दीवार पर भित्तिचित्र अंकित किए जाते हैं। इसे गड़ लिखना कहा जाता है। चित्रांकन का कार्य लोक चित्रकारों द्वारा किया जाता है। लोक चित्रकार को "लिखनकार" या "चितरकाल" कहते सुना गया है। जमीन पर चावल के आटे से बाधा या बाना लिखा जाता है। बाधा या बाना लिखना यानी जमीन पर चित्रांकन। इसे छत्तीसगढ़ी प्रभावित क्षेत्र में चौक पुरना कहते हैं। इसी बाधा या चौक के ऊपर पीढ़ा यानी लकड़ी का आसन रखा जाता है। इस पीढ़ा के ऊपर डुमर अर्थात् गुलर की लकड़ी से बनी पायली यानी धान-चावल नापने के उपयोग में लायी जाने वाली मापिका में धान भर कर रखा जाता है। इसे नये कपड़े में ढक कर उसके चारों ओर धागा और फूल लपेट दिया जाता है। यही है अन्न लक्ष्मी। पायली के समानांतर दूसरी ओर एक कलश स्थापित किया जाता है। इस कलश पर एक नारियल रखा जाता है। यह होता है देवाधिदेव भगवान नरायन का प्रतीक। फिर दोनों के सामने एक और कलश स्थापित किया जाता है। इस कलश पर दीपक रखा जाता है, जो उत्सव की समाप्ति तक अनवरत् जलता रहता है। पूजा के लिए सरई अर्थात् साल के पत्तों से बनी पतरी यानी पत्तल का उपयोग किया जाता है।
                     अन्तिम दिन जो हमेशा गुरुवार ही होता है, बहुत ही धूमधाम से सम्पन्न होता है। बस्तर में गुरुवार को लक्ष्मीजी का दिन माना जाता है। इसी आधार पर इस दिन का नामकरण लखिमबार या लखिनबार हुआ है। लछमी, लखी या माहालखी अर्थात् महालक्ष्मी। गुरुवार के दिन गाँव के सारे लोग नए कपड़ों में सज-धज कर जगार में एकत्र होते हैं। चूड़ी-फुँदड़ी, तेल-कंघी, हल्दी-चावल, पान-सुपारी, साड़ी आदि पूजा एवं श्रृंगार की सामग्री लेकर बाजे-गाजे के साथ लोगों का समूह खेतों की ओर जाता है। इसे गोपपुर कहा जाता है । खेत यानी गोपपुर में धान की पूजा-अर्चना की जाती है और थाली में धान की बालियाँ लेकर जगार-स्थल पर वापस आते हैं। यहाँ पहले से ही माँडो यानी मण्डप बना होता है। इसी माँडो के नीचे लछमी-नरायन या लखी-नरायन का विवाह धूमधाम के साथ किया जाता है। विवाह की सारी रस्में पूरी की जाती हैं। हल्दी-तेल से एक-दूसरे को सराबोर कर दिया जाता है। निसान, ढोल, तुड़बुड़ी और मोहरी आदि वाद्ययन्त्रों की लय-ताल पर युवक-युवतियाँ, बच्चे-बूढ़े-----सभी भाव विभोर हो कर नृत्य करते हैं। रात में पुन: कथा-गायन होता है और दूसरे दिन फूल-पत्ते आदि नदी या तालाब में विसर्जित कर दिये जाते हैं। विसर्जन के बाद जगार-स्थल पर आकर कपड़ों में ढकी धान की पायली को देखते हैं। धान की मात्रा बढ़ चुकी होती है। यही इनके विश्वास को और बल देता है।
                    लछमीजगार की कथा में प्राय: क्षेत्रीय भिन्नता है। जगदलपुर क्षेत्र में गाए जाने वाले जगार ओड़िया के लक्ष्मीपुराण से उद्भूत हैं, जबकि कोंडागाँव क्षेत्र में गाए जाने वाले लछमीजगार पर पुराण की कोई छाप नहीं है। कोंडागाँव की गुरुमायँ सुखदई कोराम लक्ष्मीपुराण से उद्भूत जगार को जमखँदा यानी यमशाखा तथा लक्ष्मीपुराण से इतर प्रचलित जगार को बेसराखँदा यानी बाजशाखा के रूप में वर्गीकृत करती हैं। ऊपर वर्णित कथा-सार बेसराखँदा यानी बाजशाखा से लिया गया है।
               सरगीपालपारा (कोंडागाँव) की गुरुमायँ सुकदई कोराम, गागरी कोराम, सोमारी, रामदई और पलारी की गुरुमायँ कमला कोराम, घोड़सोड़ा की गुरुमायँ सनमती तथा बम्हनी की गुरुमायँ आसमती एवं जानकी द्वारा गाए जाने वाले लछमी जगार तथा डोंगरीगुड़ा (कोंडागाँव) की गुरुमायँ अम्बिका वैष्णव एवं मुलमुला की गुरुमायँ मँदनी पटेल द्वारा गाए जाने वाले लछमी जगार की कथा में बहुत अन्तर है। सरगीपालपारा एवं पलारी की उपर्युक्त गुरुमाओं द्वारा गाए जाने वाले लछमी जगार की कथा का उद्गम कोई भी पुराण या शास्त्र नहीं है। यह पूरी तरह मौलिक है। इसका कोई शास्त्रीय आधार नहीं है। जबकि डोंगरीगुड़ा एवं मुलमुला की गुरुमाओं द्वारा गाए जाने वाले लछमी जगार में पौराणिकता का पुट है। ये गुरुमाएँ कहती हैं कि इनके द्वारा गायी जाने वाली कथा का उद्गम ओड़िया के लक्ष्मी पुराण से हुआ है। खोरखोसा, बस्तर, सिंगनपुर (जगदलपुर) आदि गाँवों में गाए जाने वाले लछमी जगार की कथा भी ओड़िया के लक्ष्मी पुराण से अनुप्राणित है। यह बात अलग है कि यत्र-तत्र पौराणिकता से इतर आख्यान भी इसमें जुड़ गए हैं तथापि कथा का उत्स तो ओड़िया का लक्ष्मी पुराण ही है। किन्तु रोचक तथ्य यह है कि संस्कृत में रचित पुराणों की सूची में लक्ष्मी पुराण का कोई उल्लेख नहीं मिलता। वस्तुत: निम्न 18 मुख्य एवं 2 अन्य, इस तरह कुल 20 पुराण बतलाए गए हैं : 1.विष्णु पुराण, 2.नारद पुराण, 3.भागवत् पुराण, 4.गरुड़ पुराण, 5.पद्म पुराण, 6.वराह पुराण, 7.मत्स्य पुराण, 8.कूर्म पुराण, 9.लिंग पुराण, 10.शिव पुराण, 11.स्कन्द पुराण, 12.अग्नि पुराण, 13.ब्रह्म पुराण, 14.ब्रह्मंड पुराण, 15.ब्रह्मवैवर्त पुराण, 16.मार्कण्डेय पुराण, 17.भविष्य पुराण, 18.वामन पुराण, 19.वायु पुराण, 20.हरिवंश पुराण। ओड़िया में प्रचलित लक्ष्मी पुराण (लख्मी पुराण) वस्तुत: ओड़िया साहित्यकार इन्द्रमणि साहू की रचना है। लगभग 150 पृष्ठों की इस पुस्तक का प्रकाशन 1965 ई.में शारदा प्रेस, कटक (ओड़िसा) से हुआ था। दरअसल रचनाकार ने 46 अध्यायों में संयोजित अपनी इस रचना का आधार या तो स्कन्द पुराण या फिर विष्णु पुराण को बनाया है, यह कहा जा सकता है। इधर हाल ही में ओड़िया का एक और लक्ष्मी पुराण देखने में आया है, जिसके लेखक का नाम इस पुस्तक में नहीं दिया गया है।
                      सरगीपालपारा एवं पलारी की गुरुमाओं की गुरु थीं सरगीपालपारा (कोंडागाँव) की आयती एवं दुआरी। आयती एवं दुआरी की गुरु थीं बम्हनी (कोंडागाँव) की मिरगान जाति की एक महिला। संयोग से ये सभी गुरुमाएँ अछूत वर्ग से ही सम्बन्ध रखती थीं।
                         इन गुरुमाओं द्वारा गायी जाने वाली कथा में इस अन्तर का एक कारण जो मेरी समझ में आ रहा है, वह यह हो सकता है कि चूँकि सरगीपालपारा, पलारी एवं घोड़सोड़ा की गुरुमाएँ अछूत वर्ग की हैं अत: पुराणों तक इनकी पहुँच न होने के कारण इनकी कथा में कोई भी पौराणिक तथ्य नहीं हैं। इसी तरह डोंगरीगुड़ा की गुरुमायँ अम्बिका वैष्णव, मुलमुला की गुरुमायँ मँदनी पटेल, खोरखोसा की गुरुमायँ रैमती, गनमती एवं सरसती तथा बस्तर के सुकदेव और जयदेव एवं सिंगनपुर की आसाबाई आदि गुरुमाएँ सवर्ण वर्ग से सम्बन्धित होने के कारण पुराणों तक इनकी पहुँच सहज थी, इसलिए इनकी कथा में पौराणिकता की स्पष्ट छाप दिखलायी पड़ती है। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि पुरातन काल में अछूत वर्ग के लिए न केवल शास्त्रों का अध्ययन अपितु उनका श्रवण भी वर्जित था। इससे यह तथ्य भी उभर कर सामने आता है कि कथा तो इनकी अपनी है किन्तु पात्र पौराणिक हैं। मेरी इस धारणा की पुष्टि बाँजाराजा नामक एक हल्बी लोककथा से भी होती है। इस कथा के नायक-नायिका के नाम अलग-अलग वर्ग के कथा-वाचकों की कथाओं में आश्चर्य जनक रूप से भिन्न-भिन्न हैं। बाँजाराजा नामक इस लोककथा में नायिका मँजपुर (मृत्यु लोक) के एक सन्तानहीन राजा (बाँजाराजा) के रूप पर मोहित हो कर अपने पति का त्याग कर उस बाँजाराजा के साथ भाग जाती है। कथा वही है किन्तु अछूत वर्ग द्वारा कही गयी इस कथा में नायिका का नाम लछमी (लक्ष्मी) और नायक का नाम नरायन (नारायण) है, जबकि सवर्णों द्वारा कही गयी इसी कथा में नायिका का नाम सुँदरी बाबी तथा नायक का नाम धनुरजय है। इस लोककथा से दो बातें स्पष्ट होती हैं। पहली यह कि, अछूत वर्ग के बीच लछमी और नरायन उस वर्ग के आचरण के अनुरूप आदर्श पात्र हैं। दूसरी बात यह कि निम्न वर्ग की सामाजिक सोच रूढ़िवादिता से कोसों दूर है। उनके विचारों में खुलापन है। वहाँ नारी स्वतन्त्र है। किन्तु साथ ही एक प्रश्न भी कि क्या यही स्वतन्त्रता है या कि स्वच्छन्दता?
                   इस महाकाव्य से बस्तर के इतिहास पर भी दृष्टिपात किया जा सकता है। दरअसल इसे एक कहानी के रूप में न देख कर इतिहास के रूप में देखना चाहिए। और इस महाकाव्य के माध्यम से इतिहास यही बतलाता है कि इस अंचल में युद्ध की स्थिति नहीं के बराबर ही रही होगी। कहने का तात्पर्य यह कि यह अंचल शान्तिप्रिय रहा होगा। यह महाकाव्य यह तथ्य भी प्रकाशित करता है कि इस अंचल में बहु पत्नी प्रथा रही है और यह भी कि सौतियाडाह से यह अंचल भी अछूता नहीं रहा। नरायन राजा की इक्कीस रानियों द्वारा नयी रानी माहालखी पर ढाए गए जुल्म-ओ-सितम यही तो बतलाते हैं।
                आइये, देखते हैं इस समृद्ध विरासत की एक छोटी-सी झलक। इसका आयोजन एवं अभिलेखन मेरे द्वारा 2008 में अपने निवास पर किया गया था। आयोजन के लिये संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ के पुरातत्व एवं सस्कृति संचालनालय से आर्थिक अनुदान प्राप्त हुआ था, जिसके लिये मैं संचालनालय का आभारी हूँ। विशेषत: संचालनालय के तत्कालीन आयुक्त श्रद्धेय प्रदीप पंत जी तथा उप संचालक श्री राहुल कुमार सिंह जी का। गुरुमायें थीं कोपाबेड़ा की स्व. बरातिन पटेल और बुधनी पटेल तथा जामकोट पारा की देवती पटेल : 






Wednesday, 14 November 2012

जोजोली गीत (लोरी)



मुझे लगता है कि लोक-भाषाओं में लोरी का चलन सम्भवत: आदिकाल से रहा आया है। और शायद यही पहला लोक गीत भी रहा हो। कारण, मेरी समझ में माता के पास बच्चे को सुलाने या बहलाने के केवल दो ही उपाय रहे होंगे। पहला यदि बच्चा भूख से रो रहा है तो उसे दुग्ध-पान कराना, जिससे उसका पेट भर जाये और वह सो जाये। दूसरा, यदि भरपेट दुग्ध-पान करने के बाद भी वह सोने को तैयार नहीं है और मचल रहा है तो उसे सुलाने या बहलाने के लिये लोरी सुनाना। उसे सुलाना दो कारणों से जरूरी है। पहला, उसे आराम मिल सके। दूसरा, यह कि यदि बच्चा सोयेगा नहीं तो माता घर के बाकी काम कब और कैसे निबटायेगी? 
बस्तर अंचल के हल्बी-भतरी-गोंडी परिवेश में कुछ माताएँ जब यह देखतीं कि बच्चा लोरी सुनाने पर भी नहीं सो रहा है या कि माता को किसी और काम को प्राथमिकता के आधार पर निबटाना है तो वे बच्चों को ऊपर वर्णित दूसरे कारण से सुलाने के लिये उसे "हापू (अफीम)" चटा दिया करती रही हैं, बावजूद इसके कि इस उपाय के कई दुष्परिणाम देखने में आते रहे हैं। खैर, फिलहाल यह निर्धारित करना कि कौन सा लोक गीत पहला रहा होगा या किस तरह से किस गीत का जन्म हुआ होगा, मेरा अभीष्ट नहीं है। कारण, यह तो विद्वानों और आचार्यों का काम है; मुझ जैसे विद्यार्थी का नहीं। इसीलिये इस चर्चा को यहीं विराम देते हैं और बात करते हैं मुद्दे की। 
और मुद्दे की बात यह है कि इन दिनों यह गीत, यानी लोरी का गीत प्राय: सुनने में नहीं आता। कोई एकाध ऐसी महिला मिल जाये जो यह गीत जानती हो तो गनीमत समझिये। किन्तु यह मेरा सौभाग्य ही है कि इसी वर्ष मार्च के महीने की तीसरी तारीख को जब मैं हमारे मोहल्ले सरगीपाल पारा की लोक गायिका गुरुमायँ सुकदई कोराम के साथ अपनी कार्यशाला में बैठा अपने कैनबरा (आस्ट्रेलिया) स्थित मित्र क्रिस ग्रेगोरी से स्काइप (skype) पर बातें कर रहा था कि पता नहीं किस मूड में आ कर गुरुमायँ सुकदई कोराम यह गीत अनायास ही गा उठीं। मैंने बिना समय गँवाये इस गीत को टेप कर लिया और उधर भाई क्रिस ध्यानमग्न हो कर सुनते रहे। हम दोनों ही आनन्द से भर गये।

मैं, मेरे अनुज खेम और हमारे प्रिय मित्र क्रिस ग्रेगोरी गुरुमायँ सुकदई कोराम को "बुबू" कहते हैं। "बुबू" का अर्थ हल्बी में बुआ और मामी दोनों ही होता है। यह वही गुरुमायँ सुकदई कोराम हैं, जिनके गाये "लछमी जगार" के गद्यात्मक संक्षेपीकृत रूप का प्रकाशन 2003 में आस्ट्रेलियन नेशनल युनीवर्सिटी के सहयोग से हो चुका है और जिसकी देश और देश से बाहर विदेशों में भी जम कर चर्चा हुई है। 
लगभग 80 वर्षीय गुरुमायँ सुकदई कोराम न केवल "लछमी जगार" का गायन करती रही हैं अपितु वे "तीजा जगार" भी गाती रही हैं। अब तक उन्होंने दोनों जगारों का गायन 100 से भी अधिक बार किया है। इसके साथ ही सैकड़ों लोक गीत आज भी उन्हें उसी तरह याद हैं, जैसे युवावस्था में थे।

और अब प्रस्तुत है वह लोरी जिसे वे अनायास ही गा उठीं थीं :

जोजोली जोली रे बोंडकू, जोजोली जोली काय,
जोजोली जोली रे बुटकी,  जोजोली जोली काय।
तोर बाबा गला रे बोंडकू, ऐतवार हाटो,
तोर काजे आनी देउआय, तोर सुन्दर नाटो।
जोजोली जोली रे बुटकू, जोजोली जोली रे,
जोजोली जोली रे भाई, जोजोली जोली रे। 
उसना चाउर रला रे बोंडकू, चिवड़ा पलटी देली गा,
दतुन-पतर चाबी रे भाई मयँ चे खाई देली काय।
जोजोली जोली रे भाई, जोजोली जोली रे
जोजोली जोली रे बँधु, जोजोली जोली रे।
तोर आया गला रे बोंडकू, खोरी-खोरी बुली काय,
तोर काजे आनी देउआय तोर सुन्दर जुली काय। 
जोजोली जोली रे बोंडकू, जोजोली जोली रे,
जोजोली जोली रे भाई, जोजोली जोली रे।
ऐतवार हाट ले बाबू, आनुन दिले लाड़ू,
तुचो काजे घेनुन दिले मयँ, चाँदी चो खाड़ू। 
जोजोली जोली रे बुटकू, जोजोली जोली रे,
जोजोली जोली रे भाई, जोजोली जोली रे।
तुके घेनुन दिले भाई, टेरलिंग चो कुड़ुता,
तुचो काजे मोचो बन्धु, जाएसे मोके सुरुता। 
तारी-नारी नाना रे बाबू, ना नारी नाना रे, 
तारी-नारी नारी रे बँधु, ना नारी नाना रे।
(इस गीत से यही ध्वनित होता है कि बच्चे के माता-पिता दोनों ही अपने-अपने काम से घर से बाहर गये हुए हैं और बच्चे को उसकी दादी लोरी गा कर सुला रही है। वह बच्चे से कह रही है : सो जा रे बोंडकू, सो जा। सो जा री बुटकी, सो जा। हे बोंडकू! तेरे पिता रविवारीय बाजार गये हैं। वे वहाँ से तुम्हारे लिये बहुत सुन्दर नाट (नृत्य) ले कर आएँगे। सो जा रे बुटकू, सो जा। सो जा रे भाई, सो जा। उसना चावल था, रे बोंडकू। मैंने उसे चिवड़ा के  बदले दे दिया। फिर दतौन आदि से निवृत हो कर मैंने स्वयं ही खा लिया। सो जा रे भाई, सो जा। सो जा रे बन्धु, सो जा। तेरी माँ गयी है रे बोंडकू, गली-गली घूमने। तुम्हारे लिये वह ले कर आएगी बहुत ही सुन्दर झूला। सो जा रे बोंडकू, सो जा। सो जा रे भाई, सो जा। हे बाबू! रविवारीय बाजार से मैं तुम्हारे लिये लड्डू ले कर आयी। तुम्हारे लिये मैं चाँदी के खाड़ू (कंगन) भी लायी। सो जा रे बुटकू, सो जा। सो जा रे भाई, सो जा। हे भाई! मैंने तुम्हारे लिये "टेरीलीन" का कुर्ता खरीद दिया। और अब मुझे तुम्हारी याद सता रही है। तारी-नारी नाना रे बाबू, ना नारी नाना रे।)
टिप्पणी : 01. बोंडकू, बुटकी, बुटकू : नामवाची संज्ञा। इन्हें "बाखना नाम" या "बाखना नाव" कहा जाता है। बाखना का आशय है द्विअर्थी और उपहासात्मक। बोंडकू का शाब्दिक अर्थ है वह बच्चा या व्यक्ति जिसकी नाभि उभरी हुई हो। बुटकी का शाब्दिक अर्थ है कद में छोटी या बौनी। इसी तरह बुटकू का अर्थ है कद में छोटा या बौना। 
02. उसना चावल : धान को उबाल कर सुखाया जाता है और फिर उसके सूख जाने पर उसे कूटा जाता है। इस विधि से प्राप्त चावल ही उसना चावल कहलाता है। 
03. तारी-नारी नाना, तारी-नारी नारी, ना नारी नाना : गीत की तान।



गीत-प्रकार : लोक गीत
गीत-वर्ग : 02- सांस्कारिक गीत (अ- शिशु गीत, 02- जोजोली गीत (झूले का गीत या लोरी),
गीत-प्रकृति : अकथात्मक
गीतकार : पारम्परिक
भाषा : हल्बी-भतरी
गायिका : गुरुमायँ सुकदई कोराम, (सरगीपाल पारा, कोंडागाँव, बस्तर-छ.ग.)
ध्वन्यांकन : 07 मार्च 2012
ध्वन्यांकन एवं संग्रह : हरिहर वैष्णव 


Tuesday, 6 November 2012

भादवँ जातरा


क्षमा करें। प्रमाद वश यह पोस्ट अगस्त में नहीं जा सका था। बहरहाल, देर आयद दुरुस्त आयद की तर्ज पर नवम्बर में सही, लेकिन पोस्ट को तो जाना ही है। 
बुधवार, 15 अगस्त (2012) की रात 10 बजे के आसपास बहीगाँव निवासी भाई घनश्याम सिंह नाग जी का फोन आता है, "पीना-खाना हो गे, गा (पीना-खाना हो गया, क्या)?" 
मैं जवाब देता हूँ, "हो गे भइया। पी-खा के एदे अब्भी च उठे हववँ अउ बुता म जोता गे हों (हो गया, भैया। पी-खा कर अभी ही उठा हूँ और काम में लग गया हूँ)।"
"पी-खा के काय बुता ला करत हस गा? कवि सम्मेलन म कविता सुने बर नइँ आवस? (पी-खा कर कौन-सा काम कर रहे हो? कवि-सम्मेलन में कविता सुनने के लिये नहीं आओगे)?" घनश्याम नाग जी कहते हैं।
"पीये-खाये के पाछू च्च साहित्त के बुता ह होथे, तेला तैं नइँ जानस जी? तहूँ त साहित्तकार आस काय, भाई? अउ कवि सम्मेलन म आतेवँ के नइँ आतेवँ, तैं ह तो मोला नेवता च्च नइँ दे हवस भाई। अब अतेक रात कुन कोंडागाँव ले केसकाल पहुँचना तो "टेढ़ी खीर" हे गा मोर बर (पीने-खाने के बाद ही साहित्य का काम होता है, इसे आप नहीं जानते, जी? आप भी तो साहित्यकार हैं न, भाई? और फिर मैं कवि-सम्मेलन में आता या नहीं, आपने तो मुझे न्यौता ही नहीं दिया है, भाई। अब इतनी रात में कोंडागाँव से केसकाल पहुँचना तो मेरे लिये टेढ़ी खीर है)।" मेरा जवाब।
"पहिली बात तो ये आय कि मैं ह कइसे नेवता देहूँ गा तुम्हर गाँव के कवि-सम्मेलन बर? अरे बबा! मैं तो खुदे नेवता पा के आये हववँ गा। तोरे गाँव म तो होवत हावे कवि सम्मेलन ह। कोंडागाँव के टाऊन हाल म। तैं नइँ जानस काय (पहली बात तो यह है कि मैं भला आपके गाँव में हो रहे कवि-सम्मेलन का न्यौता कैसे दे सकता हूँ? अरे बाबा! मैं तो स्वयं ही न्यौता पा कर आया हुआ हूँ। आपके ही गाँव में हो रहा है कवि-सम्मेलन। कोंडागाँव के टाऊन हाल मे। आप नहीं जानते क्या)?" नाग जी कहते हैं। और इस तरह हास-परिहास से भरे बातचीत से पता चलता है कि स्वतन्त्रता-दिवस के अवसर पर प्रति वर्ष की भाँति इस वर्ष भी शासकीय आयोजन के तहत नगर के "टाऊन हॉल" में कवि सम्मेलन आयोजित है। इसी दरम्यान वे बताते हैं कि केसकाल घाट में प्रतिष्ठित "देवी माँ तेलीन सत्ती" से सम्बन्धित उनकी बहु प्रतीक्षित पुस्तिका का विमोचन शनिवार, 18 अगस्त 2012 को केसकाल के श्रीमाँ भंगाराम देवी के मन्दिर-प्रांगण में होना है। और इसके पहले कि और कुछ बात हो पाती, उनका फोन कट जाता है। 
फिर शनिवार, 18 अगस्त 2012 को अपरान्ह 11 बजे के आसपास फिर से उनका फोन आता है। फोन पर वे मुझे विमोचन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का न्यौता देते हैं और कोंडागाँव के साहित्यकारों तथा साहित्य-प्रेमियों, संस्कृतिकर्मियों आदि के मोबाइल नम्बर पूछते हैं ताकि वे उन सब को भी आमन्त्रित कर सकें। मैं उन्हें सभी के नम्बर यहाँ-वहाँ से खोज-खोज कर देता हूँ। लेकिन नम्बर देना इतना सहज नहीं होता। बारम्बार मोबाइल "डिस्कनेक्ट" हो जाता। फिर वे मुझसे कहते हैं कि "डिस्कनेक्टीविटी" के इस आलम में उन्हें नहीं लगता कि वे सभी को यथासमय आमन्त्रित कर पायेंगे। इसलिये वे मुझसे आग्रह करते हैं कि मैं उनकी ओर से यहाँ के लोगों को आमन्त्रण दे दूँ। मैं उनकी आज्ञा का पालन करते हुए सभी से सम्पर्क करता हूँ। कुछ लोग लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तो कुछ लोग कुछ अन्य कार्यों में व्यस्तता के कारण जाने में असमर्थता जताते हैं। किसी तरह सर्वश्री महेश पाण्डे जी (कवि), खेम वैष्णव (लोकचित्रकार), रमेश नायडू (छायाकार), रामेश्वर शर्मा जी (साहित्य-प्रेमी) और मैं तैयार हो जाते हैं। एक गाड़ी की आनन-फानन में व्यवस्था होती है और हम लोग 03.00 बजे कोंडागाँव से चल पड़ते हैं। बारिश अभी भी जस की तस झमाझम हो रही है। कोई मुरव्वत नहीं। गाड़ी छोटी है और उसमें चालक को मिला कर कुल छह लोग। मुझे छोड़ कर बाकी सभी ड्योढ़े-दुगुने। चालक के साथ वाली सीट पर मेरे साथ रमेश नायडू ठस जाते हैं। फिर वे देखते हैं कि उनके कारण मुझे परेशानी हो रही है तो वे कुछ इस तरह बैठ जाते हैं कि मेरी परेशानी कुछ कम हो जाये। बहरहाल, हम कोंडागाँव से चल पड़ते हैं। अभी हम कोंडागाँव से कुछ ही दूर चले होंगे कि महेश पाण्डे जी अपनी एक कविता सुनाना चाहते हैं। इस पर मैं परिहास करते हुए कह उठता हूँ, "ठीक है। आप अपनी कविता सुनाइये और मैं यहीं रास्ते में ही गाड़ी से उतर जाता हूँ।" भाई रामेश्वर शर्मा मेरे इस कथन को गम्भीरता से लेते हैं और वे मुझसे निवेदन करने लगते हैं कि मैं ऐसा न करूँ। दरअसल शर्मा जी को यह नहीं पता था कि महेश पाण्डे जी और मेरे बीच कुछ इसी तरह के हास-परिहास के सम्बन्ध हैं। थोड़े से परिहास के बाद महेश पाण्डे जी अपनी कविता सुनाने लगते हैं। कविता हास्य-व्यंग्य-विनोद से परिपूर्ण है। सभी को उसमें आनन्द आता है। कविता में कुछ ऐसी पंक्तियाँ भी हैं कि बीच-बीच में बेसाख़्ता ठहाके भी लगने लगते हैं। 50 से 65 आयु वर्ग के हम लोगों में पता नहीं किधर से लड़कपन आ घुसता है। गम्भीरता न जाने कहाँ मुँह छिपा लेती है और बचकानी हरकतें सिर उठाने लगती हैं। हमारे साथ-साथ वाहन-चालक भी मजे लेने लगता है। ऐसे में मुझे लगने लगता है कि इस तरह के कार्यक्रम बीच-बीच में बनते रहने चाहिये। इससे एकरसता टूटती है। दिन-रात काम... काम... और काम। ये भी क्या बात हुई! 
बहरहाल, इस तरह हँसी-ठिठोली करते हम पहुँच जाते हैं केसकाल। वहाँ भी बारिश का वही आलम। लेकिन तेज बारिश के बावजूद श्रीमाँ भंगाराम मन्दिर की ओर जाने वाली सड़क पर भारी भीड़ है। गाँव-गाँव से लोग अपने देवी-देवताओं के प्रतीकों के साथ वहाँ पहुँच रहे हैं। डोलियाँ, आँगा, छतर, लाट-बैरक, डँगई, तरास आदि लिये लोगों का रेला। सिरहों पर देवियाँ आरूढ़ हैं और वे हिलते-डोलते, खेलते-कूदते श्रीमाँ भंगाराम देवी के मन्दिर की ओर बढ़े चले जा रहे हैं। चाहे भारी बारिश हो या आँधी-तूफान! ये आस्था को नहीं डिगा सकते। यदि डिगा पाते तो शायद यहाँ इक्के-दुक्के लोग ही पहुँचते। किन्तु ऐसा नहीं था। भीड़ इतनी थी कि हम अपनी गाड़ी मन्दिर से लगभग एक किलोमीटर पहले ही छोड़ने को विवश हो गये थे। मन्दिर पहाड़ी की तलहटी पर है। हम सभी उधर चल पड़ते हैं। रमेश नायडू फोटो खींचना चाहते हैं किन्तु बारिश की वजह से उन्हें परेशानी हो रही है। तो भी किसी तरह वे दो-चार फोटो ले ही लेते हैं।
हम किसी तरह भीड़ में से रास्ता बनाते हुए पहुँच जाते हैं मन्दिर में और वहाँ हमारी निगाहें भाई घनश्याम सिंह नाग और "बस्तर-बन्धु" (काँकेर) के सम्पादक श्री सुशील शर्मा जी को खोजने लगती हैं। किन्तु चारों ओर छाते ही छाते और देवी-देवताओं के प्रतीकों के बीच उन्हें खोज पाना हमारे लिये कठिन हो जाता है। मैं और मेरे अनुज खेम मोबाइल पर इन दोनों से सम्पर्क करने का प्रयास करते हैं किन्तु "टावर" की अनुपलब्धता के कारण सफल नहीं हो पाते। तब खेम हम बाकी लोगों को मन्दिर के दाहिने ओर बने एक शेड में छोड़ कर नाग भाई और शर्मा जी को खोजने निकल पड़ते हैं। बड़ी मुश्किल से उनकी उनसे भेंट होती है और फिर वे वापस हम तक आ कर हमें कार्यक्रम-स्थल तक ले जाते हैं, जहाँ भाई घनश्याम सिंह नाग की पुस्तिका "बस्तर के केसकाल क्षेत्र की धार्मिक आस्था और विश्वास की प्रतीक देवी माँ तेलीन सत्ती" का विमोचन होना था।
इस पुस्तिका के विमोचन के लिये यह बड़ा ही अच्छा अवसर था। कारण, आज यहाँ का प्रसिद्ध "भादवँ जातरा" था। और इसी "भादवँ जतरा" तथा इससे जुड़े अन्य प्रसंगों पर ही यह पुस्तिका केन्द्रित है। तय कार्यक्रम के अनुसार पुस्तिका का विमोचन देवी-देवताओं की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्रीय विधायक श्री सेवक राम नेताम के हाथों हुआ। कुल मिला कर 36 पृष्ठीय इस पुस्तिका में सम्मिलित विवरण को देख कर "गागर में सागर" मुहावरा चरितार्थ होता दिखायी पड़ता है। आर्ट पेपर पर कलात्मक रूप से छपी इस पुस्तिका, जिसका मूल्य महज 20 रुपये है, को प्रकाशित किया है "श्रीमाँ भंगाराम देवी समिति" केसकाल ने और इसके सह प्रकाशक हैं "बस्तर-बन्धु", काँकेर के सम्पादक सुशील शर्मा। 
विधायक केसकाल श्री नेताम ने मुख्य अतिथि की आसन्दी से उपस्थित जन को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह पुस्तिका निश्चित रूप से बस्तर की संस्कृति को प्रकाश में लाने का महत्त्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने इसके लेखन के लिये लेखक घनश्याम सिंह नाग तथा प्रकाशन के लिये "श्रीमाँ देवी भंगाराम समिति" एवं "बस्तर बन्धु" के सम्पादक सुशील शर्मा का आभार व्यक्त किया। 
अब यदि "भादवँ जातरा" अथवा श्रीमाँ भंगाराम देवी के विषय में बात न की जाये तो बात अधूरी न रह जायेगी? तो चलिये, बात करते हैं "भादवँ जातरा" की भी और श्रीमाँ भंगाराम देवी की भी। केसकाल स्थित श्रीमाँ भंगाराम देवी को नौ परगनों के देवी-देवताओं का मुखिया (राजा) और न्यायाधीश होने का गौरव प्राप्त है। नौ परगनों के जिस किसी भी देवी अथवा देवता ने लोगों के लिये किसी भी तरह की परेशानी खड़ी की तो उसे दण्डित करने का अधिकार केवल और केवल श्रीमाँ भंगाराम देवी को ही है। प्रति वर्ष भाद्रपद मास में केसकाल में आयोजित होने वाला यह "भादवँ जातरा" दरअसल उसी वार्षिक न्यायालय के लगने का अवसर होता है।
विस्तार में न जाते हुए इस 36 पृष्ठीय पुस्तिका का एक अंश यहाँ प्रस्तुत है :

रवाना 






किसी गाँव में या परिवार विशेष में कोई दैवीय प्रकोप होता है तब देवता बिठा कर सिरहा के सिर पर अपने इष्ट देव को आमन्त्रित कर उनके द्वारा यह ज्ञात किया जाता है कि पूरे गाँव वालों को या किसी परिवार विशेष को कौन देव परेशान कर रहा है। जिस देवता का नाम सामने आता है उस देवता को विधान-पूर्वक श्रीमाँ भंगाराम देवी की ओर रवाना कर दिया जाता है। रवाना में सम्बन्धित देवी के प्रतीक-चिन्ह (लाट, डोली या अन्य सामग्री) को सम्बन्धित गाँव की सरहद के बाहर निकाल दिया जाता है। इसी को "रवाना" कहा जाता है। दूसरे गाँव के निवासी जिसकी सरहद में "रवाना" आया है, वे उस "रवाना" को अपने गाँव की सरहद के बाहर पहुँचा देते हैं। फिर तीसरे गाँव, चौथे गाँव वाले यही प्रक्रिया अपनाते हैं और "रवाना"-सामग्री उपर्युक्त प्रक्रिया से केसकाल घाट स्थित श्रीमाँ भंगाराम देवी तक पहुँच जाती है। मान्यता है कि जो भी देवी-देवता रवानगी से भंगाराम माई के दरबार तक पहुँच जाते हैं, वे फिर कभी किसी को नहीं सताते। कारण, श्रीमाँ भंगाराम देवी उन्हें कठोर नियन्त्रण में रखती हैं। "रवाना" में कभी-कभी मुर्गा-बकरा, सुअर या बछिया आदि जीव-जन्तु भी होते हैं जिन्हें गाँव की सरहद के पार बाँध दिया जाता है और उपर्युक्त प्रक्रिया से गुजरते हुए वे जीव-जन्तु भी श्रीमाँ भंगाराम देवी के दरबार तक पहुँच जाते हैं। 
परेशान करने वाले देवी-देवता को किसी सामग्री या जीव-जन्तु के माध्यम से ही श्रीमाँ भंगाराम देवी के दरबार तक पहुँचाया जाता है। कभी यह सामग्री सोना-चाँदी, तांबा, सिक्के आदि के रूप में होती है तो कभी पत्थर की चक्की, आभूषण के रूप में। यहाँ तक कि बैलगाड़ी भी "रवाना"-सामग्री हो सकती है। उपर्युक्त रवाना-सामग्री को भादवँ जातरा के दिन मंदिर के पास एक निर्धारित स्थान में विधान-पूर्वक फेंक दिया जाता है। जो जीव-जन्तु रवाना के रूप में लाये जाते हैं उन्हें भी यहाँ जीवित फेंक दिया जाता है। उनकी बलि नहीं दी जाती। काँसे की थाली, लोटा, चाँदी के पुराने सिक्के, पुराने सिक्कों की माला, मंगल-सूत्र आदि सोना-चाँदी के अनेक कीमती आभूषण अब भी इस निर्धारित स्थान पर फेंक दिये जाते हैं, जिन्हें ग्रामीण दुबारा छूने से भी डरते हैं। 
जैसा की पूर्वोक्त है, श्रीमाँ भंगाराम देवी को पूरे नौ परगनों के देवी-देवताओं का मुखिया माना जाता है। इसलिये इन नौ परगनों में कहीं भी देवी-देवताओं से सम्बन्धित विवाद उत्पन्न होने पर उसका फैसला राजा अर्थात् श्रीमाँ भंगाराम देवी को ही करना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि इस देवी का फैसला सभी देवी-देवता, सिरहा-पुजारी एवं आम जनता को मान्य होता है। 
नौ परगनों के गाँव में किसी भी बीमारी या प्राकृतिक संकट का निवारण यदि स्थानीय देवी-देवता नहीं कर पाते तो श्रीमाँ भंगाराम देवी के पास कष्ट-निवारण हेतु गुहार लगाते हैं। यह बीमारी अथवा दैवीय प्रकोप व्यक्तिगत, पारिवारिक या सामुदायिक अथवा ग्राम्य-स्तरीय भी हो सकता है। 
यदि किसी व्यक्ति, परिवार या गाँव को कोई दुष्ट प्रवृत्ति का देवता परेशान करता है तो उसे श्रीमाँ भंगाराम देवी के दरबार में पहुँचा दिया जाता है। मान्यता है कि श्रीमाँ भंगाराम देवी उस दुष्ट प्रवृत्ति के देवी-देवता को अपने नियन्त्रण में रखती हैं। यदि किसी परिवार की कुल-देवी अपने ही आराधकों को कष्ट देती हैं तो उसके लिये भी श्रीमाँ भंगाराम देवी से गुहार की जाती है। तब श्रीमाँ भंगाराम देवी उस देवी अथवा देवता को उसके अपराध के अनुसार 05 या 10 वर्ष अथवा अनिश्चित काल के लिये कारागार में डाल देती हैं। 
कारागार में बंद देवी अथवा देवता का दण्ड-काल समाप्त होने पर वे इसकी सूचना जिस कुल की वह देवी या देवता है, उस परिवार को देती हैं तब सम्बन्धित परिवार के सदस्य श्रीमाँ भंगाराम देवी के पास पुन: आ कर अपने देवी-देवता को वापस ले जाते हैं और उसे घर में स्थापित कर विधि-विधान के साथ उसकी पूजा-अर्चना करते हैं। क्षेत्र में नये देवी-देवता का जन्म होने पर उसे श्रीमाँ भंगाराम देवी को अपना परिचय देना पड़ता है। न केवल इतना अपितु उसे परीक्षा की प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ता है। परीक्षा में सफल सिद्ध हो जाने पर उस देवी को श्रीमाँ भंगाराम देवी द्वारा उपयुक्त मान लिये जाने पर ही उस देवी अथवा देवता की पूजा विधान-पूर्वक की जाती है तथा उसे देवताओं के समूह में शामिल माना जाता है।
इस पुस्तिका की प्राप्ति के लिये लेखक से उनके मोबाइल नम्बर 9424277354 (बहीगाँव), तथा सह प्रकाशक सुशील शर्मा (काँकेर) से उनके मोबाइल नम्बर 9425259049 पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही यह पुस्तिका केसकाल घाट में स्थित तेलिन सती माँ के मन्दिर एवं मन्दिर-परिसर में स्थित नारियल-फूल-अगरबत्ती की सभी दुकानों में भी विक्रय हेतु उपलब्ध है।